Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अंबिकापुर में 2.39 करोड़ की कथित धोखाधड़ी का मामला, मां शक्ति स्टील ट्रेडर्स का संचालक गिरफ्तार

4.80 करोड़ रुपये के लेनदेन का आरोप, बकाया रकम के बदले जमीन और धर्मकांटा देने का दावा,धमकी की शिकायत के बाद पुलिस ने गुदरी चौक से दबोचा,अंबिकापुर में 2 करोड़ 39 लाख 98 हजार 700 रुपये के कथित लेनदेन और धोखाधड़ी के मामले में कोतवाली पुलिस ने मां शक्ति स्टील ट्रेडर्स के संचालक सुजीत जायसवाल को गिरफ्तार किया है।
अंबिकापुर में 2.39 करोड़ की कथित धोखाधड़ी का मामला, मां शक्ति स्टील ट्रेडर्स का संचालक गिरफ्तार

रायपुर/अंबिकापुर: अंबिकापुर में करोड़ों रुपये के कथित लेनदेन और धोखाधड़ी के मामले में कोतवाली पुलिस ने मां शक्ति स्टील ट्रेडर्स के संचालक सुजीत जायसवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को 20 सितंबर 2026 को गुदरी चौक, अंबिकापुर से पकड़ा गया। शिकायत में 4.80 करोड़ रुपये से अधिक दिए जाने और करीब 2.39 करोड़ रुपये के कथित विवादित लेनदेन से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। आरोपी को 21 सितंबर को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

4.80 करोड़ के लेनदेन ने खड़ा किया विवाद

शिकायतकर्ता राहुल गोयल के मुताबिक, कारोबारी परिचय के चलते उनकी सुजीत जायसवाल से पहले से जान-पहचान थी। आरोप है कि कारोबार में तत्काल जरूरत बताते हुए अलग-अलग फर्मों के माध्यम से 13 अगस्त 2021 से 25 नवंबर 2022 के बीच कुल 4 करोड़ 80 लाख 50 हजार रुपये दिए गए। शिकायत के अनुसार, इसमें से 1 करोड़ 78 लाख रुपये जयहनुमान कोलडिपो और 94 लाख रुपये मारुति मिनरल्स के लिए वापस किए गए। शिकायतकर्ता के हिसाब से इसके बाद 2 करोड़ 8 लाख 50 हजार रुपये की राशि बकाया रह गई।

ये भी पढ़ें: कांग्रेस में 36 नेताओं की वापसी पर मंथन, जोगी परिवार पर फैसला फिर टला

बकाया रकम के बदले जमीन और धर्मकांटा का दावा

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बकाया रकम के बदले उत्तर प्रदेश के दुद्धी स्थित आश्रम मोड़ में जमीन दिलाने और वहां धर्मकांटा स्थापित कराने का भरोसा दिया गया था।आरोप के मुताबिक, 5 से 11 मार्च 2022 के बीच आहाता और इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण में करीब 26 लाख रुपये खर्च किए गए। इसके अलावा 12 जुलाई 2022 को 5 लाख 48 हजार 700 रुपये की लागत से धर्मकांटा खरीदे जाने का भी दावा शिकायत में किया गया है।

पैसा मांगा तो जमीन-धर्मकांटा लौटाने से इनकार का आरोप

शिकायत के अनुसार, तय समय पर रकम वापस नहीं मिलने के बाद राहुल गोयल ने जब बकाया पैसे की मांग की तो कथित तौर पर जमीन की रजिस्ट्री कराने और धर्मकांटा वापस करने से इनकार कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि रकम मांगने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई।

ये भी पढ़ें: लिव-इन पार्टनर की हत्या, सेप्टिक टैंक में छिपाया शव, रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंची तो खुला खौफनाक राज

परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी का आरोप

मामले में शिकायतकर्ता ने 24 मार्च 2026 को फोन के जरिए परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है। पुलिस शिकायत में राहुल गोयल ने आरोप लगाया कि शुरुआत से ही कथित तौर पर छलपूर्वक रकम हासिल करने की मंशा थी। इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया में होनी है।

12 जून को दर्ज हुआ था केस

अंबिकापुर कोतवाली पुलिस ने मामले में 12 जून 2026 को अपराध क्रमांक 0398/2026 दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार BNS की धारा 318(4), 316(5), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने सुजीत जायसवाल को गुदरी चौक से गिरफ्तार किया।

ये भी पढ़ें: बीजापुर के जंगल में नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद, AK-47 समेत हथियारों का जखीरा मिला

अब दस्तावेज और लेनदेन की जांच

पुलिस के मुताबिक मामले में लेनदेन से जुड़े दस्तावेज, जमीन से संबंधित दावे, धर्मकांटा खरीद और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच की जा रही है। आरोपी को 21 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई जारी है।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...Read More

Latest Posts