मंत्रालय में नौकरी-आवास का झांसा, 9 लाख की ठगी, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर/धमतरी: मंत्रालय में नौकरी दिलाने और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का पारिजात भवन आवंटित कराने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में धमतरी पुलिस ने महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताकर पीड़ित को विश्वास में लिया और अलग-अलग माध्यमों से 9 लाख 8 हजार रुपये की रकम हासिल की।
नौकरी से आवास तक का झांसा
पुलिस के मुताबिक, बालोद जिले के भानपुरी, थाना गुरूर निवासी 27 वर्षीय मनीष साहू ने सिटी कोतवाली धमतरी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार फरवरी 2024 में रुद्री रोड स्थित एक होटल में उसकी मुलाकात शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से हुई थी।
यह भी पढ़ें: लिव-इन पार्टनर की हत्या, सेप्टिक टैंक में छिपाया शव, रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंची तो खुला खौफनाक राज
मंत्रालय के बाहर ले जाकर बढ़ाया भरोसा
आरोपियों ने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताया। इसके बाद पीड़ित को विश्वास में लेने के लिए उसे मंत्रालय यानी महानदी भवन ले जाया गया और बाहर खड़ा कराकर आवास आवंटन का भरोसा दिलाया गया। आरोपियों ने पारिजात भवन की कीमत 14 लाख 12 हजार रुपये बताई और आवास दिलाने के नाम पर रकम की मांग की।
बैंक, UPI और कैश से 9.08 लाख वसूले
शिकायत के अनुसार पीड़ित से आरोपियों ने अलग-अलग किश्तों में बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और नकद के जरिए कुल 9,08,000 रुपये लिए। इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा और स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी लिए गए।
यह भी पढ़ें: बीजापुर के जंगल में नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद, AK-47 समेत हथियारों का जखीरा मिला
रकम वापस मांगने पर लौटाए सिर्फ 2.98 लाख
कुछ समय बाद जब पीड़ित को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ तो उसने आरोपियों से रकम वापस मांगी। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान आरोपियों ने 2,98,999 रुपये वापस किए, जबकि बाकी रकम वापस नहीं की गई। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
BNS की धाराओं में केस दर्ज
शिकायत के आधार पर धमतरी सिटी कोतवाली पुलिस ने धारा 318(4) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
यह भी पढ़ें: 43 साल पुराना महानदी विवाद अब सुलझेगा, CM साय बोले- बहुत जल्द आएगा समाधान
महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद शशि प्रभा साहू पति प्रीतम साहू (50 वर्ष) और अमित कुमार देवांगन पिता स्व. सुखराम देवांगन (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।




















