राम मंदिर चढ़ावा चोरी जांच के चलते विहिप की बैठक अब अयोध्या नहीं, दिल्ली में होगी

राजीव सोनी, भोपाल/ नई दिल्ली। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद के साइड इफेक्ट सामने आने लगे हैं। विश्व हिंदू परिषद ने अपनी केंद्रीय प्रबंध समिति की महत्वपूर्ण बैठक का स्थान अयोध्या के बजाए दिल्ली कर दिया है। चढ़ावा मामले की जांच, गिरफ्तारी और छापामारी के बीच मीडिया अटेंशन से बचने के लिए यह कवायद की गई है। मंदिर ट्रस्ट से जुड़े चंपत राय मूलत: विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। ट्रस्ट से इस्तीफे की पेशकश के बाद उनकी नई भूमिका को लेकर भी बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बैठक पर रहेगी चढ़ावा चोरी मामले की छाया
4 दिनी बैठक अब 19-20 जुलाई को 350 के स्थान पर सौ-सवा सौ लोगों के बीच संपन्न होगी। इसमें मप्र-छग से चारों प्रांत के पदाधिकारी भी शिरकत करेंगे। अयोध्या राम जन्म भूमि आंदोलन से लेकर मंदिर निर्माण के बाद मंदिर प्रबंधन तक विहिप भूमिका में मौजूद है। बैठक का घोषित एजेंडा कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी रोडमैप पर चर्चा है। चढ़ावा चोरी विवाद की छाया भी इस बैठक में नजर आएगी। हर प्रांत से 4 के बजाए अब दो पदाधिकारी को ही बुलाने का निर्णय लिया गया है। प्रबंध समिति की बैठक साल में दो बार बुलाई जाती है।
ये भी पढ़ें: सिवनी: खेत में उतरे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, धान की रोपाई कर किसानों से किया संवाद
चंपत राय की उपस्थिति पर सवाल
बैठक में विहिप के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार, राष्ट्रीय क्षेत्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे और केंद्रीय महामंत्री बजरंग लाल बांगड़ा मौजूद रहेंगे। केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय इस बैठक में रहेंगे कि नहीं अभी यह स्पष्ट नहीं है। पहले यह बैठक 26 से 29 जुलाई को अयोध्या में थी। अब इसे 19-20 जुलाई को दिल्ली कर दिया गया है।
ट्रस्ट की बैठक में हो सकते है कई बड़े निर्णय
इस बीच अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक भी 11 जुलाई के बजाए 6 जुलाई को बुला ली गई है। इस बैठक में मंदिर ट्रस्ट मैनेजमेंट में बड़े बदलाव का ऐलान भी हो सकता है। इस बैठक में चंपत राय के इस्तीफे पर निर्णय भी होगा। मंदिर की चढ़ावा राशि चोरी के मामले में एसआईटी की जांच और ट्रस्ट की बैठक पर देशभर की नजरें लगी हैं।
ये भी पढ़ें: RSS Meeting 2026: बेलगावी में 10 से 12 जुलाई तक RSS की बैठक, संगठन में बदलाव से लेकर युवाओं के मुद्दों पर होगा मंथन
चढ़ावा चोरी की जांच के चलते बदला बैठक का स्थान
केंद्रीय प्रबंध समिति की बैठक अयोध्या के बजाए दिल्ली में करने का निर्णय लिया है। बैठक पूर्व निर्धारित तारीख से पहले हो रही है। अयोध्या में चढ़ावा चोरी मामले की एसआईटी जांच चल रही है। इसलिए बैठक का स्थान बदल दिया गया है।
विनोद बंसल, राष्ट्रीय प्रवक्ता विश्व हिंदू परिषद, दिल्ली












