सिवनी:खेत में उतरे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, धान की रोपाई कर किसानों से किया संवाद

सिवनी जिले में आयोजित प्रदेश स्तरीय धान महोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम में पहुंचने से पहले उन्होंने किसानों के बीच जाकर खेत में उतरकर धान की रोपाई भी की जिससे ग्रामीणों और किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री के इस कदम को किसानों के साथ सीधे जुड़ाव के रूप में देखा जा रहा है जहां उन्होंने कृषि कार्य में खुद हिस्सा लेकर खेती-किसानी का अनुभव साझा किया।
हेलीकॉप्टर से उतरकर सीधे खेत पहुंचे मुख्यमंत्री
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से उतरकर सीधे किसान नाथूराम यादव के खेत में पहुंचे। यहां दलदली जमीन में उतरकर उन्होंने स्वयं धान की रोपाई की और किसानों के साथ मिलकर कृषि कार्य में सहभागिता दिखाई। मुख्यमंत्री को खेत में धान रोपते देख आसपास मौजूद ग्रामीणों में उत्साह का माहौल बन गया और लोग इस दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए।
किसानों से किया संवाद, समस्याएं सुनीं
इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों से बातचीत कर उनकी खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं को भी सुना। उन्होंने मानसून की स्थिति, सिंचाई व्यवस्था और अन्य कृषि चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। किसान नाथूराम यादव ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं जिस पर उन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए मौके पर मौजूद जिला कलेक्टर को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया
सिवनी में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। इसके साथ ही उन्होंने आमजन को संबोधित करते हुए सरकार की योजनाओं और कृषि क्षेत्र के विकास पर चर्चा की।
किसानों के बीच बढ़ा उत्साह
मुख्यमंत्री को खेत में उतरकर धान की रोपाई करते देख किसानों और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल बन गया। लोगों ने इस पहल को किसानों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और जुड़ाव के रूप में देखा।












