दिलजीत दोसांझ के शो का आयोजक नहीं मिला तो, जमीन मालिक को थमा दिया नोटिस! इंदौर निगम मांग रहा 10% मनोरंजन टैक्स

इंदौर। मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले शो से पहले ही मनोरंजन टैक्स को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नगर निगम को शो का आयोजन कराने वाला आयोजक नहीं मिल रहा है। ऐसे में निगम ने अब उस जमीन के मालिक को ही नोटिस थमा दिया है, जहां दिलजीत का कार्यक्रम होने वाला है। निगम ने टिकटों की बिक्री पर 10 प्रतिशत मनोरंजन कर जमा कराने के साथ ही चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की रिपोर्ट भी मांगी है। हालांकि, जमीन मालिक का कहना है कि उन्हें अब तक कोई नोटिस नहीं मिला है और वे तो मैदान का किराया तक नहीं ले रहे हैं।
संबंधित खबर: दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट पर विवाद, चार गानों पर लगी रोक, जानिए क्या है पूरा मामला!
आयोजक का पता नहीं, जमीन मालिक से मांगा टैक्स
दिलजीत दोसांझ का 15 नवंबर को बायपास स्थित सी-21 मैदान पर लाइव शो प्रस्तावित है। नगर निगम के बाजार विभाग को इस आयोजन से मिलने वाले मनोरंजन कर की वसूली करनी है। नियमानुसार बेचे गए टिकटों पर 10 प्रतिशत मनोरंजन कर लेने का अधिकार निगम के पास है। यह टैक्स आयोजक से वसूला जाता है, लेकिन इस बार आयोजन की जिम्मेदारी किसके पास है, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है।इसी के चलते निगम की बाजार उपायुक्त गरिमा पाटीदार ने सी-21 एस्टेट को नोटिस भेजकर टिकटों की बिक्री के हिसाब से मनोरंजन कर जमा कराने को कहा है। निगम ने रोजाना बिकने वाले टिकटों का टैक्स जमा कराने और आयोजन से संबंधित सीए रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।
संबंधित खबर: 6 साल की उम्र में फिल्मों में रखा कदम, आज सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में शामिल हैं कमल हासन
पिछली बार के आयोजक ने इस बार झाड़ा पल्ला
इस पूरे मामले में सबसे बड़ी उलझन आयोजक को लेकर है। पिछली बार दिलजीत दोसांझ का शो सारेगामा एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने कराया था, लेकिन इस बार कंपनी का कहना है कि आयोजन से उसका कोई लेना-देना नहीं है। कंपनी के मुताबिक इस बार शो की बुकिंग और टिकट बिक्री का प्लेटफॉर्म बुकमायशो है। आयोजक बदलने के कारण निगम को पिछले आयोजन का हिसाब-किताब पूरा करने में भी परेशानी आ रही है। पिछली बार के शो में करीब 65 लाख रुपए मनोरंजन कर जमा कराया गया था। निगम के रिकॉर्ड में भी इसी के आसपास की राशि का हिसाब है। हालांकि, अंतिम टैक्स कितना बनता है, यह सीए की रिपोर्ट मिलने के बाद ही तय हो सकेगा। यह रिपोर्ट अब तक निगम को नहीं मिली है।
संबंधित खबर: Bigg Boss 20: स्काउट-लव का रोमांस देख छलका काशवी का दर्द, बोलीं- मेरे लिए यह आखिरी एक्ट...
पहले भी इसी मैदान पर हो चुके हैं बड़े शो
दिलजीत दोसांझ ने 8 दिसंबर 2024 को इसी मैदान पर कार्यक्रम किया था। इसके बाद करण औजला का शो भी यहां आयोजित हुआ था। उस कार्यक्रम से नगर निगम को करीब 58 लाख रुपए मनोरंजन कर मिला था। हालांकि, टैक्स की वसूली के लिए निगम को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। बताया जाता है कि आयोजकों का सामान जब्त करने के बाद ही निगम टैक्स की राशि वसूल पाया था।यही वजह है कि इस बार निगम ने कार्यक्रम से करीब 20 दिन पहले ही टैक्स वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि आयोजन के बाद बकाया वसूली को लेकर परेशानी न हो।
संबंधित खबर: पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर रिटायर्ड सब इंजीनियर से 1.92 लाख की ठगी, APK फाइल भेजकर खाली किए दो बैंक खाते
जमीन मालिक बोले- मैदान का किराया तक नहीं ले रहे
दूसरी ओर सी-21 एस्टेट के मालिक पिटूं छाबड़ा का कहना है कि उन्हें नगर निगम की ओर से अब तक कोई नोटिस नहीं मिला है। उनका कहना है कि शहर में बड़े आयोजन होते रहें, इसी उद्देश्य से वे मैदान उपलब्ध कराते हैं। इसके लिए वे आयोजकों से किराया भी नहीं लेते हैं। पहले भी उन्होंने किसी से मैदान का किराया नहीं लिया था और इस बार भी ऐसा ही है। ऐसे में उनसे मनोरंजन कर क्यों मांगा जा रहा है?




















