भोपाल में बुजुर्ग महिला की हत्या के बाद VIP गेस्ट हाउस के सामने शव रखकर चक्काजाम, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला कलरी देवी की हत्या का मामला सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा है। शनिवार को उनके परिजन और परिचित आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए। कोहेफिजा थाना क्षेत्र में लोगों ने कलेक्ट्रेट जाने वाली सड़क पर करीब 200 मीटर तक चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि महिला की बेरहमी से हत्या करने के बाद उनके सोने के दांत भी उखाड़ लिए गए। इस घटना से परिवार और आसपास के लोगों में काफी गुस्सा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा।
सोने के दांत उखाड़ने का भी आरोप
परिजनों के मुताबिक, कलरी देवी की हत्या बेहद बेरहमी से की गई। आरोप है कि हत्यारों ने महिला की जान लेने के बाद उनके सोने के दांत तक उखाड़ लिए। शुरुआती जांच में पुलिस ने लूट के इरादे से हत्या किए जाने की आशंका जताई थी। इसी वजह से परिवार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।
हत्या के विरोध में सड़क पर उतरे परिजन
शनिवार को बड़ी संख्या में परिजन और परिचित कोहेफिजा इलाके में जमा हुए। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाली सड़क पर करीब 200 मीटर तक चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की। चक्काजाम की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उन्हें जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि स्थिति को संभाला जा सके।
इलाके में पहले भी हो चुकी हैं दो हत्याएं
परिजनों ने इलाके में बढ़ते अपराध को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि इससे पहले भी क्षेत्र में हत्या की दो घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद अपराधों पर रोक नहीं लग पा रही है। लोगों का आरोप है कि लगातार हो रही वारदातों से इलाके में डर का माहौल बना हुआ है। कलरी देवी की हत्या के बाद स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें: भोपाल में 70 साल की बुजुर्ग महिला की हत्या: गहने लूटे, जाते-जाते सोने का दांत भी तोड़कर ले गए
मल्टी में अकेली रहती थीं कलरी देवी
जानकारी के मुताबिक, 75 वर्षीय कलरी देवी पति स्वर्गीय हरिचरण वाजपेयी नगर मल्टी के ब्लॉक बी-2 में रहती थीं। वह घर में अकेली रहती थीं। उनकी चार बेटियों की शादी हो चुकी है। वहीं, उनका एक बेटा मूकबधिर है और श्यामला हिल्स स्थित एक सरकारी कार्यालय में नौकरी करता है। शुक्रवार सुबह बुजुर्ग महिला की हत्या की जानकारी सामने आई थी। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और शुरुआती तौर पर लूट के इरादे से हत्या किए जाने की आशंका जताई।
शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि
पुलिस को कलरी देवी की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी मौत दम घुटने के कारण हुई। शुरुआती मेडिकल जांच में सामने आया कि रस्सी जैसी किसी चीज से उनका गला दबाया गया था। परिजनों ने इलाके में रहने वाले एक युवक पर हत्या का शक जताया है। उनका कहना है कि घटना के बाद से वह युवक इलाके में दिखाई नहीं दिया है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस मामले में जांच जारी होने की बात कही है। अधिकारियों ने परिवार को भरोसा दिलाया है कि मामले की जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
मौके पर तैनात रहा भारी पुलिस बल
चक्काजाम के दौरान एसीपी अनिल बाजपेई, कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर और शाहजहानाबाद थाना प्रभारी यूपीएस चौहान सहित दो थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर सड़क से जाम हटवाने का प्रयास किया। फिलहाल कलरी देवी हत्याकांड को लेकर इलाके में नाराजगी बनी हुई है। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




















