सीहोर के बुधनी में गांजा बेचने पहुंचा हरियाणा का तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ा, छह किग्रा मादक पदार्थ जब्त

सीहोर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसते हुए बुधनी में बड़ी कार्रवाई की है। रेलवे ओवरब्रिज के नीचे गांजा बेचने की फिराक में बैठे हरियाणा निवासी आरोपी को पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार किया है।
आरोपी के कब्जे से 6.304 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब गांजे की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
रेलवे पटरी किनारे गांजा लेकर बैठा था आरोपी
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में थाना बुदनी पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि बुधनी में ओवरब्रिज के नीचे रेलवे पटरी के किनारे एक व्यक्ति गांजा लेकर मौजूद है और उसे बेचने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
सीहोर में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, गांजा और स्मैक बरामद; 4 आरोपी गिरफ्तार
तलाशी में मिला 6.304 किलो गांजा
पुलिस द्वारा पकड़े गए संदिग्ध से पूछताछ की गई। उसने अपना नाम सुनील कुमार पिता इंदर सिंह कुमार, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम गोंदर, थाना निसिंग, जिला करनाल, हरियाणा बताया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6.304 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, सप्लाई नेटवर्क की जांच
आरोपी सुनील कुमार के विरुद्ध थाना बुधनी में अपराध क्रमांक 492/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब जांच का मुख्य केंद्र यह है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आया था और बुधनी में किसे इसकी सप्लाई करने वाला था।




















