Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP के राजगढ़ में आवारा कुत्ते का आतंक, एक ही दिन में 26 लोगों को काटा, बाजार में दहशत

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में आवारा कुत्ते का आतंक देखने को मिला। कुत्ते ने एक ही दिन में करीब 26 लोगों को काटकर घायल कर दिया। सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए गए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कुत्ते को जल्द पकड़ने की मांग की है।
MP के राजगढ़ में आवारा कुत्ते का आतंक, एक ही दिन में 26 लोगों को काटा, बाजार में दहशत
खिलचीपुर में कुत्ते का आतंक जारी, शिकायत के बाद भी नहीं पकड़ा गया

राजगढ़: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में एक आवारा कुत्ते ने लोगों के बीच डर का माहौल बना दिया है। बाजार में घूम रहा यह कुत्ता अब तक करीब 25 से 30 लोगों को काट चुका है। शुक्रवार को कुत्ते ने एक ही दिन में 26 लोगों पर हमला कर दिया। सभी घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार के समय बाजार में खरीदारी करने जाने वाले लोगों को कुत्ता अपना निशाना बना रहा है।

बाजार में घूम-घूमकर लोगों पर कर रहा हमला

जानकारी के मुताबिक, खिलचीपुर के बाजार में घूम रहा यह कुत्ता राह चलते लोगों पर अचानक हमला कर देता है। इतना ही नहीं, दोपहिया वाहन से जाने वाले लोगों के पीछे दौड़कर भी उन्हें काट रहा है। कुत्ते के लगातार हमलों से बाजार में आने-जाने वाले लोग डरे हुए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुत्ता ज्यादातर लोगों के पैरों पर हमला कर रहा है। कई लोग बाजार में सामान खरीदने जा रहे थे, तभी अचानक कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। शुक्रवार को एक के बाद एक कई लोगों को काटने की घटनाएं सामने आईं। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

Rajgarh Stray dog ​​terror 26 people bitten within 6 hours panic market

किसी के हाथ तो किसी के पेर में काटा

कुत्ते के हमले का शिकार हुए संजय गुप्ता ने बताया कि वह अपना वाहन खड़ा करने के लिए नदी के किनारे गए थे। जब वह वहां से वापस लौट रहे थे, तभी कुत्ते ने पीछे से उन पर हमला कर दिया और उनके हाथ में काट लिया। संजय गुप्ता ने इस मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन नंबर 181 पर भी दर्ज कराई है। वहीं, एक अन्य पीड़ित योगेंद्र मलहाकर ने बताया कि वह स्कूटी से सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान बस स्टैंड के पास कुत्ता अचानक पीछे से आया और उनके पैर को पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि कुत्ते से बचाने के लिए आसपास मौजूद 5 से 6 लोगों को मदद के लिए आना पड़ा। योगेंद्र के मुताबिक, जब वह इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे तो वहां पता चला कि कुत्ता अब तक करीब 25 से 30 लोगों को काट चुका है। इसके बावजूद कुत्ते को पकड़ा नहीं जा सका है।

ये भी पढ़ें: धनतेरस की रात जबलपुर की झुग्गी बस्ती में भीषण आग, 50 झोपड़ियां जलकर खाक, 35 परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

प्रशासन से शिकायत, फिर भी नहीं पकड़ा गया कुत्ता

लगातार हो रहे हमलों से परेशान लोगों ने शुक्रवार को स्थानीय प्रशासन से शिकायत की। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन पर भी मामला दर्ज कराया गया। स्थानीय निवासियों की मांग है कि बाजार में घूम रहे कुत्ते को जल्द पकड़ा जाए, ताकि त्योहार के समय कोई बड़ा हादसा न हो। लोगों का कहना है कि बाजार में हर दिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने आते हैं। ऐसे में कुत्ते का खुलेआम घूमना सभी के लिए परेशानी और खतरे का कारण बना हुआ है।

26 लोगों का हुआ इलाज

सरकारी अस्पताल के डॉक्टर के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक कुत्ते के काटने से घायल 26 लोग इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। इनमें कुछ लोगों को सामान्य चोटें आईं, जबकि कुछ के घाव ज्यादा थे। सभी घायलों को जरूरत के अनुसार इलाज दिया गया और एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए गए। फिलहाल खिलचीपुर के बाजार में कुत्ते के हमलों को लेकर लोगों में डर बना हुआ है। स्थानीय निवासी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि बाजार में आने वाले लोगों को राहत मिल सके।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts