Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर में मुरली रोड अंडरब्रिज की कब सुधरेगी व्यवस्था? कंबाइन फंसी, आधे घंटे जाम में रेंगते रहे लोग

मुरली रोड अंडरब्रिज में कंबाइन हार्वेस्टर फंसने से आधे घंटे तक जाम लगा रहा। बड़े वाहनों की आवाजाही से छोटे वाहन चालक परेशान हुए।
सीहोर में मुरली रोड अंडरब्रिज की कब सुधरेगी व्यवस्था? कंबाइन फंसी, आधे घंटे जाम में रेंगते रहे लोग

सीहोर। शहर के मुरली रोड अंडरब्रिज से गुजरना वाहन चालकों के लिए लगातार परेशानी का सबब बनता जा रहा है। शनिवार दोपहर गल्ला मंडी से भोपाल नाके तक जाने वाले मार्ग पर एक कंबाइन हार्वेस्टर (हड़ंबा) अंडरब्रिज के नीचे फंस गया। इसके चलते करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बड़े वाहन के फंसने से छोटे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 अंडरब्रिज में फंसी मशीन, दोनों तरफ वाहनों की कतारें

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर कंबाइन हार्वेस्टर मुरली रोड अंडरब्रिज से गुजर रहा था। इसी दौरान मशीन ब्रिज के नीचे फंस गई और आगे निकलने का रास्ता बंद हो गया। स्थिति ऐसी बनी कि मशीन को निकालने के लिए उसके टायरों की हवा तक निकालनी पड़ी।

इसके बाद भी काफी मशक्कत के बाद कंबाइन हार्वेस्टर अंडरब्रिज से बाहर निकल सका। इस दौरान अंडरब्रिज के दोनों तरफ दोपहिया और चारपहिया वाहनों की भीड़ जमा हो गई। करीब आधे घंटे तक वाहन चालक जाम में फंसे रहे और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

सीहोर: बेलगाम रफ्तार का कहर, अनियंत्रित कार मकान में घुसी; एनसीपी जिलाध्यक्ष की पत्नी घायल

बड़े वाहन निकलते हैं, छोटे वाहन चालकों को भुगतना पड़ता है खामियाजा

वाहन चालक जितेंद्र राजपूत ने बताया कि इस मार्ग पर कई बार बड़े वाहन अंडरब्रिज से गुजरने के दौरान फंसने जैसी स्थिति पैदा कर देते हैं। इससे यातायात बाधित होता है और छोटे वाहन चालकों को अनावश्यक इंतजार करना पड़ता है। बड़े वाहनों की आवाजाही के कारण बार-बार बनने वाली जाम की स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।

निर्माण कार्यों के बीच वैकल्पिक मार्ग भी बना परेशानी का कारण

शहर के कई प्रमुख मार्गों पर निर्माण कार्य चलने के कारण वाहन चालक मुरली रोड अंडरब्रिज वाले रास्ते का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में इस मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। लेकिन यहां बड़े वाहनों के निकलने से बार-बार जाम की स्थिति बन रही है। लोगों को उम्मीद थी कि वैकल्पिक मार्ग राहत देगा, लेकिन यहां भी वाहन चालकों को जाम और अव्यवस्था से जूझना पड़ रहा है।

सीहोर के मिडघाट हाईवे पर कंटेनर ने भेड़ों के झुंड को रौंदा, करीब 100 की मौत, कई घायल

व्यवस्था पर सवाल, आखिर कब मिलेगी राहत?

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं अंडरब्रिज की उपयोगिता और बड़े वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल खड़े कर रही हैं। वाहन चालकों का कहना है कि बड़े वाहनों के आवागमन को लेकर उचित व्यवस्था जरूरी है, ताकि छोटे वाहन चालकों को परेशानी न हो। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में इस मार्ग पर जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts