अशोकनगर के थूबोनजी से चंदेरी पहुंची दिग्विजय सिंह की यात्रा, सत्य सनातन का संदेश लेकर आगे बढ़ रहे पदयात्री

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा मंगलवार को अशोकनगर जिले में आगे बढ़ी। यात्रा के 24वें दिन की पदयात्रा जैन अतिशय तीर्थक्षेत्र थूबोनजी में रात्रि विश्राम के बाद ग्राम कुरवासा से प्रारंभ हुई। सुबह दिग्विजय सिंह ने कुरवासा स्थित आश्रम में श्री पंचमुखी गणेश जी के दर्शन किए और सिद्ध संत मोनी महाराज से मुलाकात की। इसके बाद सुबह 9 बजे उनके साथ पदयात्रियों ने आगे का सफर शुरू किया। यात्रा कुरवासा से हलनापुर, तगाड़ी और नीकदीप रिसोर्ट होते हुए आगे बढ़ी। रास्ते में स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पदयात्रियों का स्वागत किया।
चंदेरी पहुंचकर समाप्त हुई 24वें दिन की यात्रा
दोपहर में भोजन और विश्राम के बाद पदयात्रा दोबारा शुरू हुई। इसके बाद यात्रा फतेहाबाद पहुंची और सदर बाजार होते हुए चंदेरी के नए बस स्टैंड तक पहुंची। मंगलवार की पदयात्रा का समापन चंदेरी में हुआ। यहां होटल विजयश्री पैलेस में यात्रा में शामिल सभी पदयात्रियों के रात्रि भोजन और ठहरने की व्यवस्था की गई है। इससे एक दिन पहले सोमवार को यात्रा के 23वें दिन सभी पदयात्री जैन अतिशय तीर्थक्षेत्र थूबोनजी पहुंचे थे। यहां उन्होंने तीर्थक्षेत्र के दर्शन किए और रात्रि विश्राम किया था।

थूबोनजी के 26 जैन मंदिरों में किए दर्शन
थूबोनजी जैन धर्म का प्रसिद्ध अतिशय तीर्थक्षेत्र है। यहां 26 जैन मंदिरों का विशाल परिसर है। यह तीर्थक्षेत्र अपनी प्राचीन प्रतिमाओं और भगवान आदिनाथ की विशाल प्रतिमा के लिए विशेष रूप से जाना जाता है। यात्रा में शामिल पदयात्रियों ने यहां पहुंचकर मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। धार्मिक स्थलों की यात्रा और संतों से मुलाकात के माध्यम से इस पदयात्रा में आध्यात्मिक और सामाजिक संवाद को भी महत्व दिया जा रहा है।
धार्मिक स्थलाें की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता का संदेश
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का उद्देश्य धार्मिक स्थलों, संतों और सामाजिक संगठनों से संवाद स्थापित करना है। यात्रा के माध्यम से सत्य, न्याय, सामाजिक समरसता और धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, सनातन धर्म के वास्तविक मूल्यों को सामने लाने के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करना भी यात्रा का उद्देश्य है। इसके अलावा चंदा चोरी और वोट चोरी जैसे मुद्दों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: ओरछा के रामराजा मंदिर के खजाने के ताले काटने पर दिग्विजय सिंह ने उठाए सवाल, 26 नवंबर को पहुंचकर मांगेंगे हिसाब
20 अक्टूबर को उज्जैन से शुरू हुई थी यात्रा
उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही इस यात्रा की शुरुआत 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद हुई थी। इसके बाद से पदयात्री विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं और संतों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों से संवाद कर रहे हैं। यात्रा के माध्यम से अपने निर्धारित उद्देश्यों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। मंगलवार को अशोकनगर जिले के चंदेरी में 24वें दिन की पदयात्रा पूरी हुई।




















