जांजगीर में SECR में टिकटों का बड़ा खेल! रेलवे क्लर्क, कुली और शिक्षक गिरफ्तार, 1.16 लाख के 25 टिकट जब्त

रायपुर/जांजगीर-चांपा: त्योहारी और शादी के सीजन में कंफर्म रेलवे टिकटों की मारामारी के बीच दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) में तत्काल टिकटों की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने कार्रवाई करते हुए रेलवे के बुकिंग क्लर्क, स्टेशन के कुली और एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 16 हजार 128 रुपये कीमत के 25 अवैध आरक्षित टिकट बरामद किए गए हैं। जांच में टिकटों की हेराफेरी, फर्जी IRCTC आईडी और व्हाट्सएप के जरिए टिकटों की खरीद-बिक्री का खुलासा हुआ है।
14 नवंबर को RPF का बड़ा एक्शन, तीन आरोपी गिरफ्तार
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में टिकटों की अवैध बिक्री की शिकायतों पर RPF पोस्ट चांपा और अपराध गुप्तचर शाखा बिलासपुर की संयुक्त टीम ने 14 नवंबर को दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। पहली कार्रवाई बाराद्वार रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में हुई, जहां पदस्थ बुकिंग क्लर्क उत्कर्ष पासी और बिलासपुर रेलवे स्टेशन के कुली धनीराम यादव को गिरफ्तार किया गया। दूसरी कार्रवाई में ग्राम सेमरिया निवासी शिक्षक कृष्ण कुमार कश्यप को पकड़ा गया। दोनों मामलों में कुल 25 आरक्षित टिकट जब्त किए गए, जिनकी कीमत 1,16,128 रुपये बताई गई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरक्षण काउंटर से चल रहा था टिकटों का खेल
RPF की जांच में सामने आया कि बाराद्वार रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में पदस्थ बुकिंग क्लर्क उत्कर्ष पासी कथित तौर पर अपनी तकनीकी जानकारी और विभागीय अधिकारों का दुरुपयोग कर रहा था। 14 नवंबर को आरक्षण केंद्र में दबिश देकर उसे पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक AC आरक्षित टिकट मिला। इसके बाद मोबाइल की जांच की गई तो व्हाट्सएप चैट में 14 अन्य आरक्षित टिकटों की प्रतियां भी मिलीं।
कुली बना था टिकटों की डिलीवरी का एजेंट
पूछताछ के दौरान बिलासपुर रेलवे स्टेशन के कुली नंबर 206 धनीराम यादव की भूमिका सामने आई। जांच एजेंसी के अनुसार, वह बुकिंग क्लर्क उत्कर्ष पासी का सहयोगी था। आरोप है कि क्लर्क द्वारा तैयार किए गए टिकटों को यात्रियों तक पहुंचाने और उनसे अतिरिक्त रकम वसूलने का काम कुली करता था। इस तरह आरक्षण केंद्र से तैयार टिकटों को यात्रियों तक पहुंचाने के लिए बाकायदा नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।
तत्काल खुलने से पहले ही सीटों पर कब्जा!
प्रारंभिक जांच में टिकटों की कालाबाजारी का तरीका भी सामने आया है। आरोप है कि आरक्षण प्रणाली तक सीधी पहुंच होने के कारण बुकिंग क्लर्क तत्काल टिकट खुलने या प्रमुख ट्रेनों में सीट उपलब्ध होने पर आम यात्रियों से पहले टिकट तैयार कर लेता था। इसके लिए फर्जी या संभावित यात्रियों के नामों का इस्तेमाल किया जाता था। बाद में इन टिकटों को जरूरतमंद यात्रियों को मूल कीमत से 300 से 500 रुपये अधिक लेकर बेचने का आरोप है।
ये भी पढ़ें: रायपुर में 1.27 करोड़ की ठगी का आरोपी कोर्ट में पेश, हथकड़ी में हंसता रहा दीपक टंडन, पुलिस ने मांगी 3 दिन की रिमांड
आधार अपडेट के बहाने मोबाइल लिया, फिर बनाई फर्जी IRCTC ID
टिकटों की कालाबाजारी के खिलाफ दूसरी कार्रवाई चांपा क्षेत्र के सिलादेही भांठापारा और ग्राम सेमरिया में की गई। सिलादेही भांठापारा निवासी देवीलाल पटेल ने RPF पोस्ट चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, ग्राम सेमरिया निवासी शिक्षक कृष्ण कुमार कश्यप ने आधार कार्ड अपडेट कराने के बहाने उनका मोबाइल फोन लिया था। आरोप है कि शिक्षक ने उनकी सहमति के बिना उनके नाम से IRCTC की व्यक्तिगत यूजर आईडी बना ली और इसका इस्तेमाल अपने मोबाइल नंबर तथा सिस्टम के जरिए ई-टिकट बनाने और बेचने में किया। कार्रवाई के दौरान शिक्षक के पास से 12,528 रुपये कीमत के 10 ई-टिकट बरामद किए गए।
नाम और उम्र में हेरफेर कर बेचते थे टिकट
जांच में टिकटों की कालाबाजारी के लिए रेलवे आरक्षण प्रणाली की तकनीकी सुविधाओं के दुरुपयोग की बात भी सामने आई है। आरोप है कि पहले से बुक टिकटों को जरूरत के मुताबिक रद्द कर दूसरे नाम से तत्काल टिकट बुक किए जाते थे। कुछ मामलों में मिलते-जुलते नाम और उम्र के आधार पर भी यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराए जाते थे। टिकटों की तस्वीर व्हाट्सएप के जरिए भेजी जाती थी और इसके बदले अतिरिक्त रकम का लेन-देन किया जाता था।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में SIR के बाद 2.85 लाख नए वोटर बढ़े, 11 दिसंबर तक मौका, 4 जनवरी को आएगी फाइनल लिस्ट
1.16 लाख के टिकट जब्त, RPF की जांच जारी
इस कार्रवाई में बरामद टिकटों का पूरा विवरण इस प्रकार है:
केस 01: आरोपी बरामद टिकट टिकटों की कीमत
उत्कर्ष पासी (बुकिंग क्लर्क) और धनीराम यादव (कुली) 15 1,03,600
केस 02: आरोपी बरामद टिकट टिकटों की कीमत
कृष्ण कुमार कश्यप (शिक्षक) 10 12,528
कुल 25 251,16,128
RPF ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है। मामले में टिकटों की बुकिंग, फर्जी आईडी और कथित लेन-देन से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।




















