छिंदवाड़ा में नए इथेनॉल प्लांट खोलने की मांग, सांसद बंटी विवेक साहू ने कमेटी के सामने रखे सुझाव

छिंदवाड़ा। मंगलवार को संसद भवन दिल्ली में कानीमोजी करुणानिधि की अध्यक्षता में कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इसमें सांसद बंटी विवेक साहू ने मक्का, चीनी और गन्ने से इथेनॉल उत्पादन की संभावनाओं और चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने ईंधन की गुणवत्ता, किसानों को उचित मूल्य, ग्रामीण रोजगार और उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा पर भी जोर दिया।
संसद की महत्वपूर्ण कमेटी की बैठक में शामिल हुए सांसद
उपभोक्ता मामले, खाद और सार्वजनिक वितरण से जुड़ी संसद की महत्वपूर्ण कमेटी की बैठकें लगातार आयोजित की जा रही हैं। इस कमेटी में सदस्य के तौर पर सांसद बंटी विवेक साहू शामिल होकर अपने सुझाव और विचार रख रहे हैं। पूर्व में उनके दिए गए कुछ सुझावों पर कमेटी अमल करते हुए उन्हें देशभर में लागू भी कर चुकी है।
ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा के दमुआ अस्पताल में प्रसव के बाद महिला के शरीर में पैड-कपड़े छूटने का आरोप, चार दिन दर्द से तड़पी प्रसूता
छिंदवाड़ा में नए इथेनॉल प्लांट खोलने की मांग
मंगलवार को संसद भवन दिल्ली में कानीमोजी करुणानिधि की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सांसद बंटी विवेक साहू ने मक्का, चीनी और गन्ने से इथेनॉल उत्पादन की संभावनाओं और चुनौतियों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि देशभर में सबसे अधिक मक्के का उत्पादन छिंदवाड़ा जिले में होता है, इसलिए यहां नए इथेनॉल प्लांट खोले जाने चाहिए।
किसानों को मक्के का उचित मूल्य मिलने पर जोर
सांसद ने कहा कि इथेनॉल बनाने में मक्के का अधिक उपयोग किया जाता है। छिंदवाड़ा में नए इथेनॉल प्लांट खुलने से यहां के मक्के का सही उपयोग हो सकेगा और किसानों को भी उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा। उन्होंने पेट्रोलियम और पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा और खाद्य सुरक्षा के मुद्दे भी उठाए।
ऊर्जा सुरक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए जरूरी जैव-ईंधन
बंटी विवेक साहू ने कहा कि इथेनॉल और जैव-ईंधन कार्यक्रम भारत की ऊर्जा सुरक्षा, किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य केवल पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण बढ़ाना नहीं, बल्कि किसानों, घरेलू उद्योगों, पर्यावरण और उपभोक्ताओं को व्यापक लाभ पहुंचाना होना चाहिए।
पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण को बताया उपलब्धि
सांसद ने कहा कि इथेनॉल और जैव-ईंधन कार्यक्रम से देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी, आयात पर निर्भरता कम होगी और किसानों को अतिरिक्त बाजार मिलेगा। पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य हासिल होना उल्लेखनीय उपलब्धि है, लेकिन अब चर्चा केवल उत्पादन और मिश्रण का प्रतिशत बढ़ाने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। ईंधन की गुणवत्ता और बीआईएस मानकों के पालन पर भी ध्यान देना जरूरी है।
गुणवत्ता जांच और वार्षिक अनुपालन रिपोर्ट की मांग
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि किसानों को उनकी उपज और कृषि-अवशेष का उचित और समयबद्ध मूल्य मिलना चाहिए। उन्होंने मंत्रालय से कमेटी को अद्यतन और राज्यवार आंकड़े उपलब्ध कराने, गुणवत्ता जांच और प्रवर्तन की जवाबदेही तय करने और झारखंड जैसे राज्यों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने की मांग की। साथ ही इन सभी विषयों पर समयबद्ध वार्षिक अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आग्रह किया, ताकि सुरक्षित, पारदर्शी और किसान और उपभोक्ता हितैषी जैव-ईंधन व्यवस्था स्थापित हो सके। बैठक में कमेटी के सभी सदस्य और पदाधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।




















