Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पन्ना में घर के अंदर छिपकर बैठी थी मादा तेंदुआ, सात घंटे के हाई-वोल्टेज रेस्क्यू के बाद सुरक्षित पकड़ा  

पन्ना जिले के ग्राम रैकरा में एक ग्रामीण के घर के चारा कक्ष में मादा तेंदुआ घुसने से दहशत फैल गई। वन विभाग और पन्ना टाइगर रिजर्व की संयुक्त टीम ने करीब सात घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। पिंजरे से पकड़ने का प्रयास विफल होने पर विशेषज्ञों ने रात करीब एक बजे तेंदुए को ट्रैंक्विलाइज कर सुरक्षित बाहर निकाला।
पन्ना में घर के अंदर छिपकर बैठी थी मादा तेंदुआ, सात घंटे के हाई-वोल्टेज रेस्क्यू के बाद सुरक्षित पकड़ा   
पन्ना के रैकरा गांव में देर रात मादा तेंदुआ को रेस्क्यू किया गया।

पन्ना। ​दक्षिण पन्ना वनमंडल के मोहंद्रा परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम रैकरा में रविवार को एक घर के चारा कक्ष में वयस्क मादा तेंदुआ घुसने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची दक्षिण पन्ना वनमंडल और पन्ना टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की संयुक्त टीम ने करीब सात घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात करीब एक बजे तेंदुए को ट्रैंक्विलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू किया।

रात 10 बजे तक बाहर नहीं निकली  

​ग्राम रैकरा में रविवार को एक ग्रामीण के घर में बने चारा भंडारण कक्ष में तेंदुआ दिखाई देने पर दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और सिमरिया पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पहले वन विभाग ने तेंदुए को बिना किसी नुकसान के खुद बाहर निकलने का मौका दिया। इसके लिए घर का निकास मार्ग खोलकर आसपास की भीड़ और शोर को नियंत्रित किया गया, लेकिन रात 10 बजे तक तेंदुआ बाहर नहीं निकला।

/img/89/1794830584870

पिंजरा लगाकर पकड़ने की कोशिश​

इसके बाद रात 10 से 12 बजे के बीच पिंजरा लगाकर उसे पकड़ने का प्रयास किया गया, जो सफल नहीं हो सका। स्थिति को देखते हुए मध्यरात्रि के बाद विशेषज्ञों ने तेंदुए को ट्रैंक्विलाइज (बेहोश) किया और रात करीब एक बजे उसे सुरक्षित गांव से बाहर ले जाया गया। इस दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ और रात के अंधेरे के कारण टीम को खासी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। सिमरिया थाना पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर कानून-व्यवस्था बनाए रखी।

ये भी पढ़ें: बांधवगढ़ में बाघ से संघर्ष में तेंदुए की मौत, पनपथा कोर रेंज के बघडो बीट में मिला कुछ दिन पुराना शव

​रेस्क्यू अभियान में इनकी रही अहम भूमिका

अभियान के दौरान डीएफओ दक्षिण पन्ना और एसडीओ रचना शर्मा मौके पर डटे रहे। रेस्क्यू में पीटीआर के वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्सक डॉ. संजीव गुप्ता के निर्देशन में उदय मणि सिंह परिहार, अरविंद रैकवार, तफशील खान, अर्जुन पाल व पुरुषोत्तम यादव ने तेंदुए को सुरक्षित पकड़ा। वहीं, मोहंद्रा रेंजर राहुल मिश्रा के नेतृत्व में उपवन क्षेत्रपाल देवी सिंह यादव, वनपाल जयप्रकाश नारायण दुबे, गोविंद प्रजापति, हर प्रसाद अहिरवार, हरिशंकर अहिरवार, जगदीश अहिरवार, राजेंद्र पटेल, भानु प्रताप सिंह, वनरक्षक संदीप राय, रश्मि चौरसिया, संगीता अहिरवार, ओम प्रकाश सिंह, अमित कोरी, रामदयाल सूत्रकार तथा सुरक्षा श्रमिक हलके यादव व हुकम सिंह शामिल रहे। ​वन विभाग ने सहयोग के लिए पुलिस प्रशासन का आभार जताते हुए ग्रामीणों से अपील की है कि आबादी क्षेत्र में वन्यजीव दिखने पर भीड़ न लगाएं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल विभाग को सूचना दें। 

ये भी पढ़ें: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में हाथियों के झुंड से किसानों में चिंता, फसलों की सुरक्षा के लिए मिर्ची की धुआं कर रातभर दे रहे पहरा

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts