दिल्ली की हवा में जहर :AQI 400 के पार, कई इलाकों में ‘सीवियर’ स्तर; ठंडी हवाओं और स्मॉग ने बिगाड़े हालात

दिल्ली की हवा रविवार को जहरीली हो गई। AQI 400 के पार पहुंचने से कई इलाकों में ‘सीवियर’ स्थिति बन गई है। ठंडी हवाएं, गिरता तापमान और धीमी वायु गति प्रदूषण को बढ़ा रहे हैं। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं, जिससे अगले कई दिनों तक राहत मिलना मुश्किल है।
Follow on Google News
AQI 400 के पार, कई इलाकों में ‘सीवियर’ स्तर; ठंडी हवाओं और स्मॉग ने बिगाड़े हालात
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का समग्र एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 391 दर्ज किया गया, जबकि कई इलाकों में यह 400 के पार पहुंचकर ‘सीवियर’ (गंभीर) श्रेणी में चला गया। अक्षरधाम, बवाना, वजीरपुर, बुराड़ी और रोहिणी जैसे क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक रहा। सुबह से ही दिल्ली स्मॉग की परत में लिपटी रही, जिससे सांस लेना मुश्किल हो गया।

    कई इलाकों में हवा ‘सांस लेने लायक नहीं’

    CPCB के सुबह 6 बजे के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली के विभिन्न इलाकों का AQI इस प्रकार रहा...

    • बवाना - 436
    • वजीरपुर - 436
    • रोहिणी - 435
    • जहांगीरपुरी - 433
    • ITO - 420
    • RK पुरम - 421
    • बुराड़ी क्रॉसिंग- 430
    • अशोक विहार - 416
    • अलीपुर - 414
    • पंजाबी बाग - 415

    ये सभी आंकड़े ‘सीवियर’ कैटेगरी में आते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी हवा में सांस लेना रोजाना 9 से 10 सिगरेट पीने के बराबर है।

     NCR में भी रेड जोन 

    दिल्ली से सटे एनसीआर (NCR) के शहरों में भी हवा बेहद खराब रही।

    • नोएडा सेक्टर 62 – AQI 412
    • गाजियाबाद – 387
    • ग्रेटर नोएडा – 365
    • गुरुग्राम – 254

    सुबह से ही इन इलाकों में गाढ़ा स्मॉग छाया रहा और दृश्यता (विजिबिलिटी) पर असर पड़ा।

    तापमान में गिरावट और धीमी हवाओं ने बढ़ाई मुश्किल

    दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 11°C और अधिकतम तापमान 28°C दर्ज किया गया। साफ आसमान और ठंडी हवाओं के कारण ‘रेडिएशनल कूलिंग’ बढ़ी, जिससे तापमान गिरा और प्रदूषक तत्व नीचे जमने लगे। हवा की रफ्तार 3 से 5 किमी/घंटा रहने से प्रदूषण का फैलाव नहीं हो सका। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना नहीं है, जिससे प्रदूषण से राहत की उम्मीद फिलहाल नहीं है।

    ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहेगा आने वाले दिनों का AQI

    एयर क्वालिटी अर्ली वॉर्निंग सिस्टम (EWDS) ने अनुमान लगाया है कि अगले 10 से 15 दिन तक हवा में कोई सुधार नहीं होगा। PM2.5 का स्तर 338 और PM10 का स्तर 503 दर्ज किया गया है — यह बेहद खतरनाक स्थिति दर्शाता है। दीवाली के बाद से अब तक दिल्ली में AQI लगातार ‘Very Poor’ और ‘Severe’ श्रेणी में बना हुआ है।

    मास्क पहनें, सुबह की सैर से बचें

    स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि इस प्रदूषण स्तर पर खुली हवा में व्यायाम या सुबह की सैर खतरनाक साबित हो सकती है। डॉक्टरों ने बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा या हृदय रोग से पीड़ित लोगों को घर के अंदर रहने और N95 मास्क पहनने की सलाह दी है।

    जानें कौन-सा स्तर कितना खतरनाक

    AQI रेंज श्रेणी स्थिति
    0-50 अच्छा (Good) सांस लेने लायक
    51-100 संतोषजनक (Satisfactory) सामान्य
    101-200 मध्यम (Moderate) संवेदनशील समूहों के लिए असुविधा
    201-300 खराब (Poor) सांस की समस्या
    301-400 बहुत खराब (Very Poor) खतरनाक स्थिति
    401-500 गंभीर (Severe) स्वास्थ्य पर गंभीर असर

     रविवार को दिल्ली के कई क्षेत्रों में AQI 400 से ऊपर दर्ज हुआ, जिससे यह ‘सीवियर’ श्रेणी में पहुंच गया।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts