दिल्ली में हाई अलर्ट :विधानसभा, लाल किला और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटीं सुरक्षा एजेंसियां

दिल्ली विधानसभा, लाल किला और दो स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले, जिससे राजधानी में हड़कंप मच गया। पुलिस, बम स्क्वॉड और साइबर सेल ने जांच की, सभी धमकियां फर्जी निकलीं। पिछले डेढ़ साल में 50 से ज्यादा ऐसी धमकियां सामने आ चुकी हैं।
Follow on Google News
विधानसभा, लाल किला और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटीं सुरक्षा एजेंसियां
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हड़कंप मच गया है। एक के बाद एक दिल्ली विधानसभा, लाल किला और दो प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले। यह धमकी कथित तौर पर एक खालिस्तानी ग्रुप के नाम से भेजी गई। जिसके बाद दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं। पूरे दिन राजधानी के कई संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान चलता रहा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि सभी जगहों पर जांच के बाद कोई भी संदिग्ध या विस्फोटक वस्तु नहीं मिली।

    दिल्ली विधानसभा को मिला धमकी भरा ई-मेल

    जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 8 बजे दिल्ली विधानसभा को आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश मिला। यह ई-मेल विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को भी भेजा गया था, जिसमें विधानसभा भवन को बम से उड़ाने की बात कही गई थी।

    ई-मेल मिलते ही दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई। इसके तुरंत बाद विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों को घेरकर गहन तलाशी अभियान शुरू किया गया। बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और पुलिस की कई टीमें मौके पर तैनात रहीं।

    Twitter Post

    लाल किला भी निशाने पर

    इसी धमकी वाले ई-मेल में दिल्ली की ऐतिहासिक धरोहर लाल किला को भी बम से उड़ाने का जिक्र किया गया था। इसके बाद लाल किले की सुरक्षा बढ़ा दी गई। पूरे परिसर की सघन जांच करने के साथ ही पर्यटकों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि, लाल किले में भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

    सचिवालय और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन

    धमकी के बाद दिल्ली सचिवालय और आसपास के संवेदनशील इलाकों में भी तलाशी अभियान चलाया गया। दिल्ली पुलिस और दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे इस संबंध में कॉल मिली थी। इसके बाद दमकल विभाग, बम डिटेक्शन टीम और अन्य एजेंसियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि, अब तक की जांच में कोई भी खतरनाक या हानिकारक सामग्री बरामद नहीं हुई है।

    AAP नेता दिलीप पांडे को जान से मारने की धमकी

    इसी बीच आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक दिलीप पांडे को भी जान से मारने की धमकी मिली है। उनके निजी ई-मेल आईडी पर एक संदेश भेजा गया, जिसमें उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी गई। दिलीप पांडे ने इस मामले की जानकारी तुरंत दिल्ली पुलिस को दी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर लिखा कि, यह मामला जन सुरक्षा से जुड़ा है, इसलिए उन्होंने ई-मेल को पुलिस के शीर्ष अधिकारियों को समीक्षा और कार्रवाई के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस धमकी को भी जांच के दायरे में ले लिया है।

    दो स्कूलों को भी बम की धमकी

    सोमवार को दिल्ली के दो बड़े स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे अभिभावकों और छात्रों में दहशत फैल गई।

    आर्मी पब्लिक स्कूल, दिल्ली कैंट

    दिल्ली कैंटोनमेंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल को सुबह करीब 8:50 बजे धमकी भरा ई-मेल मिला। इसके बाद एहतियातन स्कूल को खाली कराया गया। बम डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और दमकल विभाग की टीमों ने पूरे परिसर की जांच की। जांच के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

    एयर फोर्स बाल भारती स्कूल

    लोधी कॉलोनी स्थित एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को भी सुबह 9:36 बजे ऐसा ही धमकी भरा ई-मेल मिला। यहां भी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और सघन तलाशी ली गई। दोनों ही मामलों में धमकी को होक्स घोषित किया गया।

    यह भी पढ़ें: Delhi School Bomb Threat : दिल्ली के दो बड़े स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल आते ही मचा हड़कंप

    एक महीने में तीसरी बार ऐसी धमकियां

    पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पिछले एक महीने में यह तीसरी बार है जब दिल्ली के स्कूलों, सरकारी संस्थानों और ऐतिहासिक इमारतों को इस तरह की धमकियां मिली हैं। सिर्फ फरवरी महीने में ही कई बार स्कूलों और अन्य संस्थानों को बम धमकी वाले ई-मेल भेजे गए, जो बाद में फर्जी निकले।

    पिछले डेढ़ साल में 50 से ज्यादा धमकियां

    आंकड़े बताते हैं कि, पिछले एक से डेढ़ साल में दिल्ली के स्कूलों, कॉलेजों, अदालतों और सरकारी दफ्तरों को 50 से अधिक बार बम धमकी वाले ई-मेल मिल चुके हैं।

    कुछ प्रमुख घटनाएं-

    13 फरवरी: दिल्ली के करीब एक दर्जन स्कूलों को धमकी

    9 फरवरी: 12 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

    29 जनवरी: 8 स्कूलों को VPN के जरिए ई-मेल

    नोएडा, जयपुर, गुजरात और हरियाणा की अदालतों को भी ऐसी धमकियां मिलीं

    अधिकांश मामलों में जांच के बाद धमकियां फर्जी साबित हुईं, लेकिन अब तक कई मामलों में दिल्ली पुलिस को कोई ठोस सफलता नहीं मिली है।

    VPN और विदेशी सर्वर से भेजे जाते हैं मेल

    सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की धमकियां अक्सर VPN, विदेशी सर्वर और फर्जी ई-मेल आईडी का इस्तेमाल कर भेजी जाती हैं, ताकि भेजने वाले की पहचान छिपी रहे। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ई-मेल के आईपी एड्रेस, सर्वर लोकेशन और डिजिटल ट्रेल की गहन जांच कर रही है।

    Featured News

    दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त

    धमकियों के बाद दिल्ली में कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

    • लाल किला
    • दिल्ली विधानसभा
    • सचिवालय
    • स्कूल और सरकारी संस्थान

    इन सभी जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बैरिकेडिंग की गई है और डॉग स्क्वॉड लगातार गश्त कर रहा है।

    पुलिस की अपील- अफवाहों से बचें

    दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें, सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के जानकारी साझा न करें। पुलिस का कहना है कि, ऐसी धमकियों का मकसद सिर्फ डर और अफरा-तफरी फैलाना होता है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts