Officers Of MP :सोशल मीडिया में फॉलोअर्स बढ़ाने में दमोह और दतिया कलेक्टर सबसे आगे

पुष्पेन्द्र सिंह, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा कलेक्टरों को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने के लिए दी गई सलाह के बाद सभी 55 जिलों में होड़ लगी है। कलेक्टरों ने सबसे ज्यादा फॉलोअर्स फेसबुक पेज पर बढ़ाए हैं जबकि एक्स और इंस्टाग्राम में चालीस से अधिक कलेक्टर फॉलोअर्स के दस हजार का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए हैं। फेसबुक में दो माह पहले 1.63 लाख फॉलोअर्स के साथ सबसे आगे चल रहे दतिया के कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े अब दमोह से पीछे हो गए हैं। दमोह कलेक्टर पीएन यादव के फॉलोअर्स संख्या 1.72 लाख पहुंच गई है।
कलेक्टरों द्वारा की जा रही बैठकें, दौरे, निरीक्षण, निर्देश सहित सरकार की योजनाओं की जानकारी हर दिन सोशल मीडिया पर दी जा रहीं हैं। इनमें सबसे ज्यादा सक्रिय कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े दतिया, पीएन यादव दमोह, राघवेंद्र सिंह जबलपुर, गौरव वेनल सिंगरौली, अदिति गर्ग मंदसौर, जयति सिंह बड़वानी सहित 25 से ज्यादा कलेक्टर हैं।
फेसबुक पर ज्यादा फॉलोअर्स
जुटाई गई जानकारी के अनुसार फेसबुक में अधिकांश कलेक्टरों के फॉलोअर्स हजारों की संख्या में हैं जबकि इंस्टाग्राम में दतिया, झाबुआ, रतलाम, अशोकनगर, सिंगरौली कलेक्टर ही दस हजार से अधिक फॉलोअर्स बना पाए हैं।
ये भी पढ़ें: Bashir Badr Award : पद्मश्री डॉ. बशीर बद्र की याद में मध्यप्रदेश सरकार देगी साहित्यिक पुरस्कार
जनता को मिल रहा समाधान
जिन कलेक्टरों के फॉलोअर्स बढ़ रहे उसके पीछे जानकारी सामने आई है कि जनता की शिकायतों और समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।
- जैसे दतिया में जन सुनवाई के दौरान एक वायरमैन की पत्नी ने रोते हुए मदद मांगी कि घायल पति का इलाज कराया जाए। कलेक्टर ने तत्काल इलाज का भरोसा दिया और कहा कि स्वस्थ्य होने पर उसकी नौकरी बहाल होगी।
- दमोह कलेक्टर ने जनसुनवाई में आए दिव्यांग युवक की पेंशन बहाल करा दी। शंकर सिंह सोलंकी लिखते हैं कि कृषि उपज मंडी में किसानों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बहुत धन्यवाद। रामजी पटेल लिखते हैं कि इस तरह की रिस्पॉन्सबिलिटी साल में चार-छह बार लेने की कोशिश करें।
हमारी पूरी कोशिश की मौके पर ही समाधान मिले
सोशल मीडिया पर जानकारी देने का मकसद यही है कि जिले के लोगों को सरकार की योजनाओं का पता चले, जन सुनवाई में आने वाले आवेदकों को त्वरित निराकरण मिले जिससे और लोग परेशान नहीं हो सकें। साथ ही प्रशासनिक कसावट बनाए रखना है। यही कारण है कि मेरे पदभार संभालने के दो माह में ही फेसबुक में दस हजार फॉलोअर्स बढ़ गए।
पीएन यादव, कलेक्टर दमोह
ये भी पढ़ें: उमरिया: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यटकों के सामने आक्रामक हुई बाघिन 'रॉ', वीडियो वायरल
सोशल मीडिया में टॉप-5 फॉलोअर्स
फेसबुक
- जिला कलेक्टर फॉलोअर्स
- दमोह पीएन यादव 1.72 लाख
- दतिया स्वप्निल वानखड़े 1.71 लाख
- जबलपुर राघवेंद्र सिंह 1.62 लाख
- सिंगरौली गौरव बैनल 1.03 लाख
- रीवा नरेंद्र सूर्यवंशी 85 हजार
एक्स
- जिला कलेक्टर फॉलोअर्स
- इंदौर शिवम वर्मा 1.85 लाख
- भोपाल प्रियंक मिश्रा 82.8 हजार
- रीवा नरेंद्र सूर्यवंशी 43.3 हजार
- जबलपुर राघवेंद्र सिंह 37.4 हजार
- उज्जैन रोशन सिंह 34.6 हजार
इंस्टाग्राम
- जिला कलेक्टर फॉलोअर्स
- दतिया स्वप्निल वानखड़े 55.8 हजार
- रतलाम मीशा सिंह 20.5 हजार
- रीवा नरेंद्र सूर्यवंशी 19.4 हजार
- अशोकनगर साकेत मालवीय 12.1 हजार
- सिंगरौली गौरव बैनल 10.1 हजार
(स्रोत: सोशल मीडिया-2 जून)












