छिंदवाड़ा: बारिश से कीचड़ में तब्दील हुई सड़क, ग्रामीणों ने की पुलिया बनाने की मांग

छिंदवाड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन और स्कूल तक पहुंचने के लिए इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है, लेकिन बारिश में पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने 22 अगस्त को ग्राम पंचायत को लिखित आवेदन देकर मार्ग की मरम्मत और क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण की मांग की है।
बारिश में कीचड़ और फिसलन से बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दिनों में मार्ग की स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि पैदल निकलना भी मुश्किल होता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपने जरूरी कामों के लिए आवागमन करते हैं, लेकिन मार्ग की मरम्मत नहीं होने से उन्हें कीचड़ और फिसलन के बीच से गुजरना पड़ रहा है।
टूटी पुलिया जल्द ठीक करने की मांग
ग्रामीण गुंजा आम्रवंशी ने बताया कि बारिश के समय बच्चों और महिलाओं को इस रास्ते से निकलने में काफी परेशानी होती है। कई बार फिसलने की स्थिति बन जाती है। उन्होंने मांग की कि ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए और क्षतिग्रस्त पुलिया को दुरुस्त किया जाए।
ये भी पढ़ें: 'FIR ठोक दूंगा', कोरेक्स आरोपी के समर्थन में थाने पहुंचे बीजेपी नेता; टीआई से हुई बहस
ग्रामीणों ने पंचायत को दिया लिखित आवेदन
ग्रामीणों ने 22 अगस्त को ग्राम पंचायत को लिखित आवेदन देकर करीब दो किलोमीटर लंबे मुख्य मार्ग की मरम्मत और पुलिया बनाने की मांग की है। आवेदन में ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग जर्जर होने के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। शिकायत पत्र पर राजवती, सुनीता, सुरेखा, पुनाराम यादव, इंद्रजीत नागवंशी, दुखनलाल, रघुनाथ, शिवचरण सहित अन्य ग्रामीणों के साइन हैं।
लंबे समय से बनी हुई है समस्या
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब बारिश के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। उन्होंने पंचायत और संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई कर मार्ग और पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग की मरम्मत होने से पंचायत भवन, स्कूल और जरूरी कामों के लिए आने-जाने वाले लोगों को राहत मिल सकेगी।





















