‘क्या सूरत है’ से मिली शोहरत, ‘राज’ से छाईं... फिर बॉलीवुड छोड़कर कहां जा बसीं मालिनी शर्मा?

साल 2002 में आई हॉरर फिल्म ‘राज’ ने दर्शकों को खूब डराया था। बिपाशा बसु और डिनो मोरिया की इस फिल्म में मालिनी शर्मा ने भूतनी का किरदार निभाकर खूब चर्चा बटोरी थी। उनकी खूबसूरती और डरावने अंदाज ने लोगों के बीच उनकी अलग पहचान बना दी थी।
‘क्या सूरत है’ से मिली थी पहचान
फिल्मों में आने से पहले मालिनी शर्मा मॉडलिंग और म्यूजिक वीडियो में नजर आती थीं। बॉम्बे वाइकिंग्स के मशहूर गाने ‘क्या सूरत है’ से उन्हें काफी लोकप्रियता मिली थी। इसके बाद फिल्म ‘राज’ में उनके किरदार और ‘आपके प्यार में हम संवरने लगे’ गाने ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। लेकिन फिल्म की सफलता के बाद मालिनी ने धीरे-धीरे बॉलीवुड से दूरी बना ली।
प्रियांशु चटर्जी से हुई थी शादी
मालिनी शर्मा की निजी जिंदगी में भी इसी दौरान बड़ा बदलाव आया। उन्होंने फिल्म ‘तुम बिन’ से लोकप्रिय हुए अभिनेता प्रियांशु चटर्जी से शादी की थी। हालांकि, उनका रिश्ता ज्यादा लंबे समय तक नहीं चल पाया। शादी के कुछ साल बाद दोनों के बीच दूरियां बढ़ गईं और आखिरकार उनका तलाक हो गया।
ये भी पढ़ें: ‘डोंट बी शाय’ की यंग गैंग का दिखा कूल अंदाज, आलिया भट्ट ने शेयर किया नया पोस्टर
बॉलीवुड की चमक-दमक से बना ली दूरी
‘राज’ जैसी सफल फिल्म करने के बावजूद मालिनी ने ग्लैमर की दुनिया में ज्यादा समय तक रहने का फैसला नहीं किया। निजी जिंदगी में आए उतार-चढ़ाव के बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री और लाइमलाइट से दूरी बना ली। इसके बाद वह लंबे समय तक लोगों की नजरों से दूर रहीं। अब करीब 23 साल बाद उनकी जिंदगी की नई तस्वीर सामने आई है।
सह्याद्री की वादियों में जी रही हैं सुकून भरी जिंदगी
मालिनी शर्मा अब मुंबई की भागदौड़ से दूर महाराष्ट्र के सह्याद्री पर्वतों के बीच रहती हैं। यहां वह ‘द स्लो लोकल’ नाम से फार्म स्टे चला रही हैं। अपने सोशल मीडिया वीडियो में वह अपने इस नए जीवन की झलक दिखाती रहती हैं। वह प्रकृति के बीच रहकर ऑर्गेनिक सब्जियां उगाती हैं और फार्म पर आने वाले मेहमानों के लिए खुद खाना भी बनाती हैं।
सोशल मीडिया पर देती हैं फैंस को जवाब
कई सालों तक लाइमलाइट से दूर रहने के बावजूद मालिनी सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं। हालांकि, उनका अकाउंट उनके नाम से नहीं है। वह कई बार फैंस के सवालों का जवाब भी देती हैं। एक फैन के सवाल पर उन्होंने कहा था, 'मैं जिंदा हूं और मैं यहीं हूं'.
बताया- मुस्लिम शख्स से की है शादी
मालिनी ने सोशल मीडिया पर फैंस के कुछ सवालों के जवाब देते हुए अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी बातें भी शेयर की हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि उन्होंने एक मुस्लिम शख्स से शादी की है। वहीं, उन्होंने यह भी बताया कि उनके दो बेटे हैं। हालांकि, उन्होंने अपनी मौजूदा निजी जिंदगी को लेकर ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
ये भी पढ़ें: रास्ते में अचानक मिले पैसे? किसी बात का हो सकता है संकेत, उठाने से पहले जान लें ये जरूरी बातें
फिल्मों की दुनिया से दूर, प्रकृति के करीब
कभी बड़े पर्दे पर डर पैदा करने वाली मालिनी शर्मा अब बिल्कुल अलग जिंदगी जी रही हैं। फिल्मी दुनिया की चकाचौंध छोड़कर उन्होंने प्रकृति, खेती और सादगी को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाया है। 23 साल बाद उनकी यह बदली हुई जिंदगी सामने आने के बाद उनके फैंस काफी हैरान हैं। कई लोगों के लिए मालिनी की कहानी इस बात की मिसाल भी है कि हर कोई शोहरत की दौड़ में रहना जरूरी नहीं समझता।





















