Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

उज्जैन महाकुंभ-28 को यादगार बनाने के लिए सीएम डॉ. यादव ने सिंहस्थ में तैनात रहे अफसरों से मांगे सुझाव

उज्जैन महाकुंभ-28 को यादगार बनाने के लिए सीएम डॉ. यादव ने सिंहस्थ में तैनात रहे अफसरों से मांगे सुझाव

राजीव सोनी

भोपाल। उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ-2028 को यादगार बनाने के लिए सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सीएम डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में पिछले 3 सिंहस्थ के दौरान उज्जैन में पदस्थ रहे तत्कालीन कलेक्टर, एसपी और मेला अधिकारी सहित अन्य अफसरों से सुझाव मांगे और उनके आयोजन से जुड़े अनुभवों पर एक अनौपचारिक बैठक में विस्तार से चर्चा की। इस दौरान क्राउड कंट्रोल, शिप्रा की अविरल धारा, सिंहस्थ मेला क्षेत्र विस्तार, पार्किंग, स्वास्थ्य सुविधाएं, आवास और 29 किमी में विस्तारित घाटों पर स्नान के व्यवस्थित इंतजाम जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। इन अधिकारियों ने पिछले आयोजनों से जुड़े अपने अनुभव मुख्यमंत्री और प्रदेश के अन्य आला अफसरों के साथ साझा किए। उनके अहम सुझावों को महाकुंभ की तैयारियों में शामिल किया जाएगा।

इन कार्यों के लिए मांगे सुझाव

-श्रद्धालुओं को सुगम स्नान का प्रबंध

-क्राउड कंट्रोल

-सिंहस्थ मेला क्षेत्र का विस्तार

-पार्किंग व सफाई व्यवस्था

-पुलिस-स्वास्थ्य व अन्य स्टाफ की आवास व्यवस्था

-विस्तारित घाटों पर साफ-सफाई

-आवागमन के बेहतर इंतजाम

-कंट्रोल रूम और कानून व्यवस्था

-शिप्रा नदी की अविरल धारा

-बाबा महाकाल के दर्शन

डॉ. यादव 4 सिंहस्थ की समितियों में रहे शामिल

उज्जैन के स्थानीय निवासी होने के कारण सीएम डॉ. यादव स्वयं पिछले 4 कुंभ की व्यवस्था संबंधी समितियों से जुड़े रहे हैं। विद्यार्थी परिषद से लेकर विधायक के तौर पर उन्हें 1980, 1992, 2004 और 2016 के सिंहस्थ की व्यवस्थाओं का अनुभव भी है। पुराने अफसरों से उनका संवाद-संपर्क बना हुआ है। ब्यूरोक्रेसी के अनुभव और सुझावों को उन्होंने गंभीरता से सुना। कुछ रिटायर अधिकारियों ने भी उन्हें जरूरी टिप्स दिए। प्रयागराज में संपन्न हुए महाकुंभ की व्यवस्थाओं को लेकर भी सीएम ने अधिकारियों को होमवर्क करने के निर्देश दिए हैं।

अनौपचारिक बैठक में मौजूद रहे ये अफसर

सीएम डॉ यादव के साथ हुई इस अनौपचारिक बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, डीजीपी कैलाश मकवाना सहित अन्य कई अफसरों ने अपने अनुभव साझा किए। डॉ. राजेश राजौरा, राकेश गुप्ता, कुमार पुरुषोत्तम, नीरज सिंह के अलावा उज्जैन आईजी रह चुके उपेंद्र जैन भी इस बैठक में मौजूद थे। उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और इंदौर से आशीष सिंह भी बैठक से वर्चुअली जुड़े रहे। कुछ अन्य पुराने अधिकारियों से सीएम ने अलग से भी फीडबैक लिया है।

रोप-वे प्रोजेक्ट पर फोकस

-सिंहस्थ महाकुंभ 2028 में आने वाले श्रद्धालुओं को सरकार ने उज्जैन स्टेशन से सीधे महाकाल मंदिर तक सुगमता से पहुंचाने की तैयारी की है। स्टेशन से महाकाल मंदिर तक बनने वाले महत्वाकांक्षी 'रोप-वे' प्रोजेक्ट इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

-सरकार ने समय पर इसका निर्माण पूरा कराने का संकल्प जताया है। यहां आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को उज्जैन स्टेशन से महाकाल मंदिर तक पहुंचाने और वापस स्टेशन लाने से मेला क्षेत्र में अनावश्यक भीड़ नहीं बढ़ पाएगी।

सुझाव लेना सरकार की अच्छी पहल

सिंहस्थ महाकुंभ 2028 आयोजन के लिए संत-महात्माओं से लेकर पुराने अफसरों के महत्वपूर्ण सुझाव लेना सरकार की अच्छी पहल है। क्राउड कंट्रोल, सड़क, यातायात जैसे मुद्दों पर सीएम डॉ यादव की गंभीरता काबिलेतारीफ है।

माखन सिंह, सिंहस्थ केंद्रीय समिति के पूर्व अध्यक्ष

Aniruddh Singh
By Aniruddh Singh

अनिरुद्ध प्रताप सिंह। नवंबर 2024 से पीपुल्स समाचार में मुख्य उप संपादक के रूप में कार्यरत। दैनिक जाग...

Latest Posts