मौसम जरा सा बिगड़ा हुआ है... कल कहां जा रहे हैं आप? मप्र, यूपी, राजस्थान समेत 9 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार को देश के 9 राज्यों में बारिश और आंधी चलने का अलर्ट जारी किया है। मप्र में 3 से लेकर 5 फरवरी तक बारिश और तेज हवा की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही उत्तर भारत के 23 जिलों में शीतलहर की चेतावनी दी है।
कल कहां जा  रहे हैं आप? मप्र, यूपी, राजस्थान समेत 9 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नई दिल्ली। फरवरी की शुरुआत के साथ ही मौसम ने देशभर में करवट ले ली है। उत्तर भारत से लेकर पश्चिम और मध्य भारत तक बादलों की आवाजाही और लगातार हो रही बारिश ने ठंड का असर और तेज कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। हवा की रफ्तार 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। पहाड़ी इलाकों में रहने वालों के लिए आने वाले दिन और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।

    कुछ इलाकों में हो सकती है भारी बारिश

    भारतीय मौसम विभाग ने देश के नौ राज्यों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख शामिल हैं। विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है, जबकि कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तूफानी हालात बन सकते हैं। दिल्ली-एनसीआर में भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे राजधानी में ठंड एक बार फिर तेज महसूस की जा सकती है।

    मध्य प्रदेश में अगले तीन दिन सतर्क रहें 

    मध्य प्रदेश में 3 फरवरी से 5 फरवरी तक मौसम अस्थिर बना रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के भिंड, गुना, विदिशा, सतना, पन्ना, सागर, राजगढ़, अशोकनगर, दमोह और रीवा जिलों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। राजधानी भोपाल में 3 फरवरी को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। ठंडी हवाओं के चलते सुबह और रात के समय सर्दी का असर ज्यादा रहेगा।

    पहाड़ों से मैदानों तक सतर्कता जरूरी

    3 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज, बिजली और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और तमिलनाडु में भी बारिश के आसार हैं। समुद्री इलाकों में तेज हवाओं को देखते हुए मछुआरों को तट से दूर न जाने की चेतावनी दी गई है। किसानों को भी खुले खेतों में काम करने से बचने और फसलों की सुरक्षा के इंतजाम करने की सलाह दी गई है। फिलहाल मौसम विभाग का अनुमान है कि 14 फरवरी तक ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

    Latest Posts