Bilaspur:बिलासपुर में रातभर बवाल के बाद एक्शन, सिटी कोतवाली क्षेत्र में धारा 144 लागू

प्रेम कुमार, रायपुर: बिलासपुर में सोशल मीडिया कमेंट को लेकर शुक्रवार रात दो पक्षों के बीच हुए हिंसक विवाद के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई है। हथियार लेकर चलने, बिना अनुमति भीड़ जुटाने, सभा-जुलूस और प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें: Raipur: रक्षाबंधन पर मातम,बहन की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचा भाई खारुन नदी में डूबा,तलाश जारी
सोशल मीडिया कमेंट से शुरू हुआ विवाद
बिलासपुर में शुक्रवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर किए गए एक विवादित कमेंट को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और इलाके में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी भी की गई।
तनाव के बाद प्रशासन का बड़ा फैसला
घटना की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 लागू कर दी है। प्रशासन ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया है।
यह भी पढ़ें: Bilaspur: बिलासपुर में दो पक्षों का विवाद बना हिंसा का मैदान,मारपीट के बाद जमकर पथराव
हथियार लेकर निकलने पर पूरी तरह रोक
जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों पर तलवार, चाकू, लाठी, भाला समेत अन्य हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि शासकीय ड्यूटी में तैनात कर्मियों, लाठी के सहारे चलने वाले वृद्ध एवं दिव्यांग लोगों और धार्मिक परंपरा के तहत कृपाण रखने वालों को छूट दी गई है।
तस्वीरें देखे...




चार से ज्यादा लोगों के जुटने पर प्रतिबंध
धारा 144 के तहत बिना अनुमति सभा, रैली, जुलूस, धरना, प्रदर्शन और हड़ताल आयोजित करने पर रोक लगा दी गई है। किसी भी स्थान पर चार से अधिक लोगों के एकत्र होने पर भी प्रतिबंध रहेगा। हालांकि परिवार के सदस्यों के सामान्य आवागमन पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।
यह भी पढ़ें: Bilaspur: भनवारटंक टनल में दिखा हैरान करने वाला नजारा ,आगे-आगे तेंदुआ पीछे-पीछे ट्रेन, VIDEO हुआ वायरल
सभा-जुलूस के लिए SDM की अनुमति जरूरी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का आयोजन करने के लिए संबंधित SDM से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। प्रशासन का उद्देश्य किसी भी तरह की नई स्थिति बनने से पहले इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था कायम रखना है।

तोड़फोड़ और सड़क जाम पर भी सख्ती
आदेश के तहत सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, तोड़फोड़ करने, सड़क जाम करने और लोगों में दहशत फैलाने जैसी गतिविधियों पर भी रोक रहेगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ BNS की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर पुलिस बल तैनात, अफसरों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। तनाव को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल, SSP रजनेश सिंह सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
विधायक समेत स्थानीय लोग भी पहुंचे थाने
घटना के बाद विधायक सुशांत शुक्ला सहित स्थानीय नागरिक भी थाने पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति पर चर्चा की गई। इसके बाद युवकों को समझाइश देकर माहौल शांत कराने का प्रयास किया गया।
यह भी पढ़ें: Bilaspur: अचानकमार टाइगर रिजर्व में बाघिन का हमला से युवक की मौत,
बिलासपुर में रातभर बवाल के बाद प्रशासन अलर्ट
सोशल मीडिया के एक कमेंट से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन गया। अब प्रशासन ने एहतियातन सख्ती बढ़ा दी है। संवेदनशील इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।




















