बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद विमान का टायर फटा, सभी यात्री सुरक्षित; प्रयागराज फ्लाइट कैंसिल

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को बड़ा विमान हादसा टल गया। दिल्ली से बिलासपुर पहुंची अलायंस एयर की फ्लाइट की लैंडिंग के बाद रनवे पर दौड़ते समय अचानक टायर फट गया। टायर फटने की तेज आवाज सुनकर विमान में सवार यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। हालांकि, पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान को सुरक्षित रोक लिया। विमान में सवार सभी 35 यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
लैंडिंग के बाद फटा टायर
जानकारी के मुताबिक, अलायंस एयर की फ्लाइट शुक्रवार दोपहर दिल्ली से बिलासपुर पहुंची थी। विमान की लैंडिंग सामान्य तरीके से हुई, लेकिन रनवे पर आगे बढ़ते समय अचानक एक टायर फट गया। टायर फटने की आवाज सुनकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित रोक दिया।
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर मौजूद स्टाफ सक्रिय हो गया। सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी यात्री के घायल होने की जानकारी नहीं है। विमान में कुल 35 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।
बिलासपुर-प्रयागराज फ्लाइट कैंसिल
इसी विमान को बिलासपुर से आगे प्रयागराज जाना था। लेकिन टायर फटने की घटना के बाद इस फ्लाइट को कैंसिल कर दिया गया है। हालांकि, फ्लाइट कैंसिल होने की आधिकारिक जानकारी एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से अभी सामने नहीं आई है।
हाल के दिनों में सामने आईं विमान से जुड़ी घटनाएं
देश में हाल के दिनों में विमान से जुड़ी कुछ अन्य घटनाएं भी सामने आई हैं। इनमें इमरजेंसी लैंडिंग से लेकर उड़ान के दौरान विमान की ऊंचाई अचानक कम होने की घटनाएं शामिल हैं।
27 जुलाई: राजकोट में इंडिगो की इमरजेंसी लैंडिंग
27 जुलाई को दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो की इंटरनेशनल फ्लाइट को गुजरात के राजकोट एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। उड़ान के दौरान पायलटों को विमान के निचले कार्गो होल्ड में धुआं होने का अलर्ट मिला था। इसके बाद क्रू ने तुरंत इमरजेंसी घोषित कर दी। पायलटों ने राजकोट ATC से प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग की अनुमति मांगी। एहतियात के तौर पर रनवे के पास फायर टेंडर और मेडिकल टीमों को तैनात किया गया था। इसके बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
4 अगस्त: एअर इंडिया की फ्लाइट अचानक 300 फीट नीचे आई
4 अगस्त को थाइलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गई थी। यह घटना ओडिशा के झारसुगुड़ा के पास हुई थी। एयरबस A320 करीब 36,220 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। बाद में विमान ने दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग की, लेकिन घटना में 17 यात्री घायल हो गए थे। शुरुआत में एअर इंडिया ने इसे टर्बुलेंस से जुड़ी घटना बताया था। बाद में एयरलाइन ने अपने बयान से ‘टर्बुलेंस’ शब्द हटा दिया और इसे क्रूज के दौरान अचानक ऊंचाई कम होने की घटना बताया। मामले की जांच DGCA कर रहा है।




















