PlayBreaking News

Chhattisgarh News :सरगुजा में नायब तहसीलदार से मारपीट का आरोप, BJP विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 पर FIR

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। राजापुर उप तहसील कार्यालय में जमीन से जुड़ी फाइल को लेकर विवाद शुरू हुआ था। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने काउंटर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Follow on Google News
सरगुजा में नायब तहसीलदार से मारपीट का आरोप, BJP विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 पर FIR

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नायब तहसीलदार और बीजेपी विधायक के बीच विवाद का मामला सामने आया है। राजापुर उप तहसील के नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। वहीं विधायक पक्ष ने भी नायब तहसीलदार पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज की है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, मैनपाट की राजापुर उप तहसील में विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन से जुड़े शाख शोध पत्र बनवाने के लिए 14 मई को फाइल जमा की थी। आरोप है कि कई दिनों से उन्हें दफ्तर के चक्कर लगवाए जा रहे थे। बुधवार 27 मई को सीमा धनकी फिर अपने काम के लिए उप तहसील कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने नायब तहसीलदार तुषार मानिक से फाइल पर हस्ताक्षर करने की बात कही।

फाइल फेंकने और अभद्रता का आरोप

सीमा धनकी का आरोप है कि हस्ताक्षर करने की बात पर नायब तहसीलदार नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि तुम होती कौन हो हस्ताक्षर करने के लिए कहने वाली, जाकर मैनपाट में हस्ताक्षर करा लो। आरोप है कि इसके बाद उन्हें कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहा गया। सीमा धनकी ने इसकी जानकारी विधायक रामकुमार टोप्पो को दी। इसके बाद विधायक समर्थक उप तहसील कार्यालय पहुंच गए।

विधायक और समर्थकों पर मारपीट का आरोप

नायब तहसीलदार तुषार मानिक का आरोप है कि शाम करीब 6 बजे विधायक रामकुमार टोप्पो ने उन्हें वापस राजापुर बुलाया। इस दौरान एसडीएम फागेश सिन्हा भी उनके साथ मौजूद थे। तुषार मानिक के मुताबिक, विधायक ने अपनी बहन के साथ अभद्र व्यवहार को लेकर सवाल किया। उन्होंने जवाब दिया कि कोई अभद्रता नहीं हुई है और अगले दिन आने के लिए कहा गया था। 

Breaking News

आरोप है कि इसी बात पर विधायक समर्थकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विधायक ने उन्हें अलग ले जाकर पीटा। बताया जा रहा है कि एसडीएम फागेश सिन्हा ने बीच-बचाव कर उन्हें वहां से बाहर निकाला।

नायब तहसीलदार ने आरोपों को बताया गलत

तुषार मानिक ने कहा कि विधायक और उनके समर्थक पहले से ही मारपीट के इरादे से आए थे। उन्होंने बहन के साथ अभद्रता के आरोप को गलत बताया है। घटना के बाद एसडीएम फागेश सिन्हा नायब तहसीलदार को अपनी गाड़ी से अंबिकापुर लेकर रवाना हुए। वहीं विधायक और उनकी बहन सीतापुर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

दोनों पक्षों की शिकायत पर FIR

मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर FIR दर्ज की है। नायब तहसीलदार की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता सहित 10 लोगों के खिलाफ BNS की धारा 221, 221(1), 132 और 191(2) के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, विधायक की बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।

कलेक्टर ने लिया मामले का जायजा

सरगुजा कलेक्टर अजीत बसंत ने पूरे मामले की जानकारी नायब तहसीलदार तुषार मानिक और एसडीएम फागेश सिन्हा से ली। कलेक्टर ने कहा कि नायब तहसीलदार ने विधायक और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई करेगी। इसके बाद नायब तहसीलदार, एसडीएम और अन्य राजस्व अधिकारी रिपोर्ट दर्ज कराने अंबिकापुर कोतवाली थाने पहुंचे।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts