ग्वालियर में बोले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार-जनता के मुद्दों से भाग रही प्रदेश सरकार, बूथ स्तर से लड़ाई लड़ेगी कांग्रेस

ग्वालियर। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार कांग्रेस के दो दिवसीय संगठन सृजन एवं राजनीतिक प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन शामिल हुए। पीपुल्स समाचार से इस विशेष बातचीत में सिंघार ने सरकार की कार्यप्रणाली, विपक्ष की भूमिका और कांग्रेस की आगामी रणनीति को लेकर अपना पक्ष रखा। उनका कहना है कि जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय करना विपक्ष की जिम्मेदारी है और कांग्रेस इस जिम्मेदारी को निभाती रहेगी।
महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं पर उठाए सवाल
बातचीत के दौरान नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर बीजेपी सरकार की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खडे किए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता के सवालों का जवाब देने से बच रही है। सरकार जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों की अनदेखी कर रही है। लेकिन अब कांग्रेस पार्टी जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाएगी और सड़क से लेकर सदन तक सरकार को घेरने का काम करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का फोकस आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर रहेगा और कांग्रेस अब अपनी लड़ाई बूथ स्तर से मजबूत करेगी।
सत्ता पक्ष को सोनिया गांधी की किताब पढ़ने की दी नसीहत
बातचीत के दौरान नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने सत्ता पक्ष के सांसदों और विधायकों को सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग- अ जर्नी ऑफ लव पढ़ने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधियों को समझना चाहिए कि पहले किस तरह सत्ता पक्ष और विपक्ष मिलकर देशहित के मुद्दों पर काम करते थे। लोकतंत्र में पक्ष और विपक्ष दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। देश के हित में संवाद, विचारों का सम्मान और विपक्ष की भूमिका को समझना जरूरी है।
सड़क से सदन तक सरकार को घेरने की तैयारी
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के मुताबिक कांग्रेस अब संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की दिशा में काम करेगी। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को मजबूत करने के साथ जनता की समस्याओं को सीधे उठाया जाएगा। महंगाई, रोजगार, किसानों की परेशानी और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस अपनी आवाज बुलंद करेगी।
रीवा सांसद के बयान पर दी कड़ी प्रतिक्रिया
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने रीवा सांसद द्वारा किसानों को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश के अन्नदाता को लेकर सरकार के सांसद का इस तरह का बयान बेहद दुखद है। किसान खेत में पसीना बहाकर देश का पेट भरता है, उनका अपमान पूरे देश का अपमान है। सिंघार ने कहा कि भाजपा के सांसदों और नेताओं की सोच ही किसान विरोधी हो गई है। एक तरफ किसान खाद, बीज, बिजली और उचित दाम के लिए परेशान है, दूसरी तरफ सत्ता पक्ष के सांसद उनका मजाक उड़ा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी के भोपाल दौरे से पहले सियासी घमासान, कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च पर पुलिस के आदेश से विवाद
शिविर में दो दिन हुआ मंथन
लंबे समय बाद जिले में कांग्रेस पदाधिकारियों का शिविर आयोजित किया गया। दो दिन चले शिविर में फोकस पार्टी को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर रहा। कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने और विचारधारा को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस के ब्लॉक, नगर एवं मंडलम अध्यक्षों को संबोधित किया। सिंघार ने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत बूथ का कार्यकर्ता है। पद से नहीं, काम से पहचान बनेगी। उन्होंने अध्यक्षों से बूथ कमेटियां मजबूत करने, हर घर तक पहुंचने और जनता के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने का आह्वान किया। शिविर में राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव एवं विधायक, पूर्व मंत्री सहित पदाधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: कांग्रेस ने 5 राज्यों के चुनाव के लिए बनाई स्क्रीनिंग कमेटी, अजय माकन को यूपी और प्रसाद को पंजाब की जिम्मेदारी




















