अमेरिका में 6 बड़े आउटेज के पीछे क्या AI है, सीनेटर मार्क वार्नर का आरोप, सभी ने कहा-साइबर अटैक नहीं तो क्यों हुआ आउटेज

अमेरिका में कुछ ही दिनों में 6 आउटेज हुए हैं। इन आउटेज के पीछे सायबर अटैक को नकारा गया है। लेकिन शंका यह भी है कि यह काम AI का हो सकता है लेकिन, आधिकारिक तौर पर न तो कोई इसे मानने को तैयार है ना ही इस पर चर्चा हो रही है। लेकिन सोशल मीडिया पर लगातार इस तरह की बातें हो रही हैं कि यह AI के कारण हो सकता है। कुछ एक्सपर्ट इसको लेकर टिप्पणी भी कर रहे हैं और AI को खतरा बता रहे हैं। हालांकि आधिकारिक रूप से कुछ लोगों ने इस मुद्दे को उठाया है इनमें अमेरिकी सीनेट इंटेलिजेंस कमिटी के वरिष्ठ सदस्य मार्क वार्नर (डेमोक्रेट-वर्जीनिया) और डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) सचिव मार्कवेन मुलिन शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: अमेरिका में 6 दिन में 6 बड़े टेक आउटेज! Apple से NSA तक सिस्टम ठप, कंपनी ने बताई खराबी की वजह
AI बदल रहा है सायबर इंटेलिजेंस सीन को
मार्क वार्नर ने आरोप लगाया कि इस हफ्ते कई बड़े सिस्टम ठप होने के पीछे AI का हाथ था। उन्होंने कहा कि उद्योगों पर सुरक्षा खामियों को जल्दी खोजने और उन्हें ठीक करने का भारी दबाव है, क्योंकि इस तकनीक (AI) का इस्तेमाल करके उन खामियों का आसानी से फायदा उठाया जा सकता है। एक बयान में वार्नर ने लिखा- जो कुछ हो रहा है, वह इस बात का नतीजा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कितनी तेजी से साइबर सुरक्षा के पूरे परिदृश्य को बदल रहा है। AI की मदद से बहुत बड़ी संख्या में सिस्टम्स की कमियों (vulnerabilities) को अभूतपूर्व गति से पहचाना जा सकता है। इससे कंपनियों और सरकारी एजेंसियों पर इन कमियों को तुरंत—अक्सर एक साथ—ठीक करने का भारी दबाव पड़ता है। वार्नर का बयान अमेरिका के बड़े बैंकों, माइक्रोसॉफ्ट और सबसे अहम, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) में आई बड़ी तकनीकी खराबी (आउटेज) के बाद आया है। FAA में आई इस खराबी के कारण पूरे देश में विमानों की उड़ानें रोकनी पड़ गईं।
सीधा आरोप लगाया AI पर
डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) सचिव मार्कवेन मुलिन ने कहा कि हाल ही में अमेरिका में आए कई आउटेज के पीछे संभवतः आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का हाथ है। मुलिन ने फॉक्स न्यूज से बातचीत के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि इन लगातार आउटेज की घटनाओं ने लोगों के मन में संदेह पैदा कर दिया है और कुछ लोग तो घबरा भी गए हैं। हालांकि मुलिन ने इस संभावना को खारिज कर दिया कि अमेरिका पर कोई साइबर हमला हुआ है। लेकिन उन्होंने बताया कि टेक इंडस्ट्री के किसी व्यक्ति ने उनसे कहा है कि इसके पीछे AI हो सकता है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और नेशनल इंटेलिजेंस के निदेशक जे क्लेटन ने कहा कि इन आउटेज का एक दूसरे से संबंध नहीं है, न ही इनका संबंध किसी साइबर हमले या किसी देश की ओर से की गई कोशिश से है। लेकिन किसी ने सीधे तौर पर यह नहीं कहा कि लगाता ऐसा क्यों हो रहा है।
यह साइबर हमला नहीं है, तो सवाल है कि ऐसा क्यों हुआ
मिशिगन स्टेट यूनिवर्सिटी के 'सेंटर फॉर साइबरक्राइम इन्वेस्टिगेशन एंड ट्रेनिंग' के डायरेक्टर डॉ. थॉमस होल्टन ने सवाल किया कि जब तक कंपनियां और अधिक जानकारी नहीं देतीं, तब तक हमारे पास अंदाजा लगाने के लिए बहुत कम आधार है। जो स्पष्टीकरण दिया जाता है, उससे उपभोक्ता असंतुष्ट रह सकते हैं। उन्होंने कहा- अगर यह कोई साइबर हमला है तो यह एक ऐसा आसान जवाब है जिसे बहुत से लोग समझ सकते हैं। अगर कोई कंपनी या सरकार कहती है कि यह साइबर हमला नहीं है, तो सवाल है कि ऐसा क्यों हुआ।

कैलिफोर्निया में किया गया मुकदमा
कैलिफोर्निया ने अर्टिफीशियल इंटेलिजेंस कंपनी OpenAI के खिलाफ एक मुकदमा दायर किया है। इसमें कंपनी पर आरोप लगाया गया है कि उसने जानबूझकर अपनी प्रायोगिक तकनीक को विकसित और टेस्ट किया, जबकि इसमें जनता की सुरक्षा के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय और निगरानी की कमी थी। 31 पन्नों की इस फाइलिंग में जुलाई 2026 की एक घटना का जिक्र जिसमें OpenAI के मॉडलों के एक्सपेरिमेंटल एडिशन ने पब्लिक इंटरनेट का एक्सेस लिया और AI प्लेटफॉर्म हगिंग फेस पर साइबर हमला कर दिया। यह हमला ऐसी 80 ज्ञात घटनाओं में से एक है।
हार्वर्ड के एक्सपर्ट दे चुके हैं चेतावनी
जून 2025 में हार्वर्ड के एक साइबर सुरक्षा पैनल ने कहा कि AI संगठनों को उभरते साइबर सुरक्षा जोखिमों से निपटने में मदद कर सकता है। लेकिन, साइबर अपराधी इन्हीं क्षमताओं का इस्तेमाल अपने हमलों को बड़े पैमाने पर अंजाम देने और उन्हें और अधिक परिष्कृत (रिफाइन) करने के लिए कर सकते हैं।
घटनाएं हुईं लेकिन सबने कहा - साइबर सुरक्षा से जुड़ी कोई समस्या थी
- 17 नवंबर: दोपहर को एप्पल ने एक बयान में कहा कि आज सुबह एक इंटरनल अपडेट की वजह से कुछ सेवाएं ठप हो गई थीं। इससे पहले, डाउनडिटेक्टर (DownDetector) पर हजारों यूजर्स ने आईक्लाउड (iCloud), एप्पल पे (Apple Pay) और अन्य सेवाओं में रुकावट की शिकायत की थी। एप्पल ने कहा कि यह किसी साइबर हमले की वजह से नहीं हुआ था और अब उनके कई सिस्टम फिर से काम करने लगे हैं।
- 17 नवंबर: अमेरिकी नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) का गोपनीय इंटरनल नेटवर्क ऑफलाइन हो गया। एजेंसी ने कई मीडिया आउटलेट्स को बताया कि ऐसा नियमित मेंटेनेंस (routine maintenance) के कारण हुआ था। कई मीडिया आउटलेट्स ने अज्ञात अधिकारियों के हवाले से बताया कि इस रुकावट का किसी साइबर हमले से कोई संबंध नहीं लगता है।
- 16 नवंबर: शाम को यूनाइटेड एयरलाइंस की सेवाएं 90 मिनट तक ठप रहीं। कंपनी ने X पर एक पोस्ट में इसे टेक्नोलॉजी से जुड़ी समस्या बताया। साथ ही कई न्यूज आउटलेट्स को दिए गए बयानों में कंपनी ने कहा कि ऐसा कोई संकेत नहीं है कि यह साइबर सुरक्षा से जुड़ी कोई समस्या थी।
- 16 नवंबर: चेज बैंक (Chase Bank) में भी सेवाएं ठप हो गईं, जिससे बैंक के ग्राहकों और चेज़ अकाउंट के ज़रिए लेन-देन करने वाले अन्य लोगों को परेशानी हुई। बैंक ने इसके लिए एक सॉफ्टवेयर बग को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि यह साइबर से जुड़ा मामला है।
- 13 नवंबर: फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने पूरे देश में उड़ानों को रोक (ground stop) दिया, जिससे हजारों उड़ानें प्रभावित हुईं। एजेंसी ने बताया कि उनके टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम पर डेटा का भारी दबाव (data flood) आ गया था। यह टेक्सास के अमरीलो में एक रडार साइट और अर्कांसस के एल डोराडो में एक रेडियो कम्युनिकेशन साइट—से आया था। एजेंसी ने कहा कि ऐसा कोई संकेत नहीं है कि यह कोई साइबर हमला था या किसी बाहरी शरारती तत्व की हरकत थी।
- 12 नवंबर: यूजर्स ने माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं (आउटलुक सहित) में समस्याओं की रिपोर्ट करना शुरू किया। यह रुकावट सप्ताहांत तक जारी रही। कंपनी ने कहा कि यह एक तकनीकी समस्या थी, जिसका साइबर या AI/एजेंट्स से कोई लेना-देना नहीं है।




















