दुनिया के सबसे महंगे रिटेल मार्केट में दिल्ली का खान मार्केट 24वें नंबर पर, किराया 14% बढ़ा

दिल्ली का खान मार्केट दुनिया के सबसे महंगे प्रमुख खुदरा बाजारों की सूची में 24वें स्थान पर बना हुआ है। यहां दुकानों का सालाना किराया बढ़कर 238 डॉलर प्रति वर्ग फुट यानी करीब 1,875 रुपये प्रति वर्ग फुट प्रति माह हो गया है। रियल एस्टेट सलाहकार कंपनी कुशमैन एंड वेकफील्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, खान मार्केट भारत का सबसे महंगा प्रमुख रिटेल मार्केट है।
खान मार्केट में सालाना किराया 14% बढ़ा
कुशमैन एंड वेकफील्ड की रिपोर्ट 'मेन स्ट्रीट्स अक्रॉस द वर्ल्ड 2026' के 36वें संस्करण में दुनिया के 147 प्रमुख खुदरा बाजारों के किराये का आकलन किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, खान मार्केट में प्रीमियम दुकानों की मजबूत मांग के चलते किराये में सालाना आधार पर 14 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इस तरह दिल्ली का खान मार्केट दुनिया की सबसे महंगी खुदरा कारोबारी सड़कों में 24वें स्थान पर बरकरार है।
न्यूयॉर्क का अपर फिफ्थ एवेन्यू बना दुनिया का सबसे महंगा बाजार
रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूयॉर्क का अपर फिफ्थ एवेन्यू दुनिया का सबसे महंगा प्रमुख खुदरा बाजार बन गया है। इसने लंदन के न्यू बॉन्ड स्ट्रीट को पीछे छोड़ दिया है।
दुनिया के शीर्ष तीन महंगे रिटेल बाजारों की स्थिति इस प्रकार है-
1. अपर फिफ्थ एवेन्यू, न्यूयॉर्क: 2,700 डॉलर प्रति वर्ग फुट सालाना किराया। किराये में 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी।
2. न्यू बॉन्ड स्ट्रीट, लंदन: 2,230 डॉलर प्रति वर्ग फुट सालाना किराया।
3. विया मोंटेनापोलियोने, मिलान: 2,160 डॉलर प्रति वर्ग फुट सालाना किराया।
पिछले वर्षों में किराये में उल्लेखनीय बढ़ोतरी के बाद लंदन और मिलान के इन बाजारों में बीते साल किराया स्थिर रहा।
दुनिया के प्रमुख बाजारों में किराये की बढ़ोतरी धीमी
रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के प्रमुख खुदरा बाजारों में स्थानीय मुद्रा के आधार पर किराये में औसतन तीन प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी हुई। यह 2025 में दर्ज 4.3 प्रतिशत की वृद्धि से कम है।
सर्वेक्षण में शामिल बाजारों में-
- 49 प्रतिशत बाजारों में किराया बढ़ा।
- 19 प्रतिशत बाजारों में किराये में गिरावट आई।
- 32 प्रतिशत बाजारों में किराया स्थिर रहा।
कुशमैन एंड वेकफील्ड के वैश्विक आर्थिक शोध संस्थान में अंतरराष्ट्रीय शोध प्रमुख डोमिनिक ब्राउन के मुताबिक, दुनिया भर में किराये की बढ़ोतरी की रफ्तार धीमी हुई है, लेकिन स्थापित खुदरा बाजारों में जगह पाने के लिए प्रतिस्पर्धा अब भी काफी कड़ी है।
भारत के रिटेल बाजार में मजबूत मांग
कुशमैन एंड वेकफील्ड के खुदरा कारोबार-भारत प्रमुख मिलिन रोहिनेश ने कहा कि मजबूत खपत, खुदरा विक्रेताओं के लगातार विस्तार और प्रीमियम उत्पादों की बढ़ती मांग से भारतीय खुदरा बाजार की बुनियाद मजबूत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि वैश्विक प्रमुख खुदरा बाजारों में खान मार्केट की स्थिति और एशिया-प्रशांत क्षेत्र की रैंकिंग में भारत के प्रमुख बाजारों की मौजूदगी से वैश्विक स्तर पर भारतीय खुदरा बाजार की पहचान बढ़ रही है।



















