इंदौर के समीप मानपुर में बेटी को ढूंढने निकले पिता की बेरहमी से हत्या!
इंदौर । महू के मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिचौली में रिश्तों और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घर से लापता बेटी की तलाश में निकले एक पिता को अपनी जान गंवानी पड़ी। बेटी के बारे में पूछताछ करने पहुंचे पिता का आरोपियों से ऐसा विवाद हुआ कि बात गाली-गलौज से शुरू होकर खूनी संघर्ष तक पहुंच गई। आरोपियों ने लोहे की रॉड और मोटरसाइकिल की चेन से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बेरहमी से की गई पिटाई में गंभीर रूप से घायल पिता ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने देर रात मानपुर थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया।
बेटी घर पर नहीं मिली तो बेचैन पिता पहुंचा तलाश में
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान महेश पिता घनश्याम निवासी ग्राम बिचौली के रूप में हुई है। महेश एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। उनकी बेटी खेतिहर मजदूरी का काम करती थी। शिकायतकर्ता चुबीबाई भूरिया ने पुलिस को बताया कि महेश की बेटी आरोपी जादूसिंह की पत्नी कविता के साथ मजदूरी पर जाती थी।घटना वाले दिन बेटी घर पर नहीं मिली तो महेश उसकी तलाश में निकल पड़े। तलाश करते हुए वह जादूसिंह के घर पहुंचे और बेटी के बारे में जानकारी मांगी। उन्हें उम्मीद थी कि बेटी के बारे में कुछ पता चल जाएगा, लेकिन यहां पूछताछ के दौरान ही विवाद शुरू हो गया।
ये भी पढ़ें: गाड़ी पर 'बाप' लिखने का शौक पड़ा भारी! नंबर प्लेट देखते ही पुलिस ने रोका, ठोक दिया 6300 का जुर्माना
मामूली पूछताछ ने लिया खूनी संघर्ष का रूप
बेटी के संबंध में बातचीत को लेकर महेश और आरोपी पक्ष के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ा तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। महेश ने इसका विरोध किया तो उन्हें दीवार की तरफ धक्का देकर दबा लिया गया। इसी बीच जादूसिंह, उसकी पत्नी कविता और परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद सभी ने मिलकर महेश पर हमला कर दिया।
ये भी पढ़ें: MP Weather: 20-21 नवंबर को आंधी-बारिश का अलर्ट, बालाघाट-डिंडौरी में भारी बारिश की चेतावनी
लोहे की रॉड और बाइक की चेन से बरसाए वार
आरोपियों ने महेश पर लोहे की रॉड और मोटरसाइकिल की चेन से बेरहमी से हमला किया। अचानक हुए इस हमले में महेश गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए। हमले के बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।एक पिता जो अपनी बेटी की तलाश में निकला था, वह घर वापस नहीं लौट सका। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।
ये भी पढ़ें: अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी, ताजमहल-लाल किले की थीम पर बन रहे पंडाल; 4 लाख मेहमानों के लिए 150 पकवान
हत्या की खबर फैलते ही भड़का आक्रोश, थाने का घेराव
महेश की मौत की खबर गांव में पहुंचते ही परिजनों और रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण देर रात मानपुर थाने पहुंच गए और थाने का घेराव कर दिया। आक्रोशित लोग आरोपियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। कुछ ग्रामीण आरोपियों को भीड़ के हवाले करने की मांग पर अड़ गए।अचानक हुए इस हंगामे से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को समझाइश दी। काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया गया।
ये भी पढ़ें: सीहोर: बुधनी में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या, पति-पत्नी और बेटे के मिले शव
मुख्य आरोपी जादूसिंह सहित परिवार के पांच गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए मानपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मुख्य आरोपी जादूसिंह, उसकी पत्नी कविता सहित परिवार के पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।




















