Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जावेद अख्तर ने की भगवान राम की तारीफ, बोले- 'राम हर भारतीय के खून में हैं'; बेटी जोया ने भी की 'रामायण' की तारीफ

जावेद अख्तर ने भगवान राम की तारीफ करते हुए उन्हें आदर्श, नैतिकता और जीवन जीने का तरीका बताया। उन्होंने कहा कि राम हर भारतीय के खून में हैं, चाहे उसका धर्म कुछ भी हो। वहीं, जावेद अख्तर ने बताया कि उन्होंने अभी तक रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' नहीं देखी है, लेकिन बेटी जोया अख्तर फिल्म की तारीफ कर चुकी हैं।
जावेद अख्तर ने की भगवान राम की तारीफ, बोले- 'राम हर भारतीय के खून में हैं'; बेटी जोया ने भी की 'रामायण' की तारीफ
जावेद अख्तर ने भगवान राम को आदर्श, नैतिकता और जीवन जीने का तरीका बताया।

मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने भगवान राम की प्रशंसा करते हुए उन्हें आदर्श, नैतिकता और जीवन जीने का तरीका बताया है। उन्होंने कहा कि भगवान राम का महत्व किसी एक धर्म तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका व्यक्तित्व हर भारतीय के जीवन और संस्कृति से जुड़ा है। जावेद अख्तर ने यह भी बताया कि उन्होंने अभी तक रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की फिल्म 'रामायण' नहीं देखी है, लेकिन उनकी बेटी और फिल्ममेकर जोया अख्तर फिल्म देखकर काफी तारीफ कर चुकी हैं। जावेद अख्तर का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों के बीच काफी चर्चा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं।

जावेद अख्तर ने अभी तक नहीं देखी 'रामायण'

इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसाइटी (IPRS) की म्यूजिक क्रिएटर रिपोर्ट के लॉन्च कार्यक्रम में जावेद अख्तर ने फिल्म 'रामायण' को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने अभी तक यह फिल्म नहीं देखी है। हालांकि, उनकी बेटी और फिल्ममेकर जोया अख्तर फिल्म देख चुकी हैं। जावेद अख्तर के मुताबिक, जोया ने फिल्म की काफी तारीफ की है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी बेटी किसी चीज की तारीफ बहुत मुश्किल से करती हैं। यहां तक कि उन्होंने अपनी तारीफ भी जोया के मुंह से कभी नहीं सुनी। जावेद अख्तर की इस बात ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। अब लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर जोया अख्तर को फिल्म में ऐसा क्या पसंद आया, जिसकी उन्होंने इतनी तारीफ की।

परिणीति चोपड़ा हुईं फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' की दीवानी, बोलीं- 'हर सीन भव्य, देश के लिए गर्व का पल'

X Post

'रामायण' के म्यूजिक पर पूछे गए सवाल पर क्या बोले जावेद अख्तर?

कार्यक्रम के दौरान जावेद अख्तर से फिल्म 'रामायण' के म्यूजिक को लेकर भी सवाल किया गया। उनसे पूछा गया कि उनके लिखे गानों के बोल लोगों के दिलों को छू जाते हैं, जबकि फिल्म 'रामायण' का संगीत वैसा प्रभाव नहीं छोड़ पाया है। इस सवाल पर उन्होंने अपने ही अंदाज में जवाब दिया। जावेद अख्तर ने कहा, 'इसकी सीधी सी वजह है कि मैं एक अच्छा लेखक हूं। शुरुआत यहीं से करते हैं। इसलिए मेरी लिखी लाइन लोगों के दिलों को छू जाती है।' उनके इस जवाब में हल्का हास्य भी नजर आया। जावेद अख्तर ने 'स्वदेश' फिल्म के लोकप्रिय गाने 'पल पल है भारी' का जिक्र किए बिना भी अपने लिखे गीतों की लोकप्रियता को लेकर चर्चा में जगह बनाई। इस गाने की मशहूर लाइन है- 'मन से रावण जो निकाले, राम उसके मन में हैं।'

'राम सिर्फ व्यक्ति नहीं, जीवन जीने का तरीका हैं'

भगवान राम के व्यक्तित्व पर बात करते हुए जावेद अख्तर ने कहा कि राम केवल एक व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि आदर्श, नैतिकता और जीवन जीने के तरीके का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि भगवान राम एक खास तरह की सुंदरता और नैतिकता को दर्शाते हैं। जब कोई उनके व्यक्तित्व को इस नजरिए से देखता है, तो उनकी खूबियां दिल को छू जाती हैं। जावेद अख्तर ने आगे कहा कि राम हर भारतीय के खून में हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनकी इस बात से कुछ लोग नाराज हो सकते हैं, लेकिन राम का सार हर भारतीय के भीतर मौजूद है, चाहे उसका धर्म कुछ भी हो। उनके मुताबिक, भगवान राम का व्यक्तित्व किसी एक धार्मिक पहचान तक सीमित नहीं है। उन्हें केवल एक व्यक्ति के रूप में देखना उनके व्यापक महत्व को कम करके आंकना होगा। राम का जीवन और उनके आदर्श लोगों को सही रास्ते पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

रामायण फिल्म पर रायपुर में बवाल, निर्माताओं को 15 दिन का लीगल अल्टीमेटम

साहित्यिक कहानियों की कमी पर भी उठाए सवाल

जावेद अख्तर ने हिंदी सिनेमा में साहित्यिक रचनाओं पर कम फिल्में बनने के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि फिल्ममेकर अक्सर एक जैसे फॉर्मूले पर निर्भर रहते हैं और अलग-अलग तरह की कहानियों को अपनाने से बचते हैं। उन्होंने 'देवदास' और 'साहब बीवी और गुलाम' जैसी फिल्मों का उदाहरण देते हुए कहा कि हिंदी सिनेमा में साहित्यिक कहानियों को बहुत कम जगह मिली है। जावेद अख्तर के अनुसार, हिंदी फिल्में अक्सर सभी दर्शकों को खुश करने की कोशिश करती हैं। फिल्ममेकर चाहते हैं कि गुजरात, पंजाब, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश जैसे अलग-अलग राज्यों के लोग उनकी फिल्म को पसंद करें। इसी कोशिश में कई बार कहानियां एक जैसे फॉर्मूले में ढल जाती हैं। उन्होंने अपनी किताब 'टॉकिंग फिल्म्स' का जिक्र करते हुए कहा कि हिंदी सिनेमा ने अपनी एक अलग सांस्कृतिक पहचान बना ली है, जो आम भारतीयों की रोजमर्रा की जिंदगी से काफी अलग है।

'रामायण' को लेकर क्यों हो रही है चर्चा?

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'रामायण' भारतीय सिनेमा की चर्चित फिल्मों में शामिल है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर कलाकारों, कहानी और संगीत पर लगातार चर्चा हो रही है। ऐसे में जावेद अख्तर का भगवान राम के व्यक्तित्व पर दिया गया बयान भी सुर्खियों में है। खास बात यह है कि उन्होंने फिल्म देखे बिना ही इसके बारे में अपनी बेटी जोया अख्तर से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया साझा की है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts