CG CM Oath Ceremony : विष्णु ने "देव" पूजन के बाद ली CM पद की शपथ, अरुण और विजय बने डिप्टी सीएम

Follow on Google News
CG CM Oath Ceremony : विष्णु ने "देव" पूजन के बाद ली CM पद की शपथ, अरुण और विजय बने डिप्टी सीएम
रायपुर। पंच एवं सरपंच से राजनीति की शुरूआत करने वाले छत्तीसगढ़ के आदिवासी नेता विष्णुदेव साय ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ लोरमी से विधायक अरुण साव और कवर्धा से विधायक विजय शर्मा ने भी डिप्टी सीएम के पद की शपथ ली। अरुण और विजय शर्मा को डिप्‍टी सीएम बनाया गया है। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ बीजेपी नेता मौजूद रहे।

हिन्दी में शपथ ली

राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में विष्णुदेव साय को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाई। राज्यपाल ने इसके उपरान्त दो उप मुख्यमंत्रियों अरूण साव एवं विजय शर्मा को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाई। सभी ने ईश्वर के नाम पर हिन्दी में शपथ ली।

अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री हुए शामिल

इस मौके पर गृहमंत्री अमित शाह,भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगीआदित्य नाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत,केन्द्रीय राज्यमंत्री राम दास अठावले, निवर्तमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस.सिंहदेव और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह,भाजपा के राज्य प्रभारी ओम माथुर के अलावा राज्यभर से बड़ी संख्या में आए भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक भी मौजूद थे।

शपथ से पहले साय ने की देवी-देवताओं की पूजा

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के पद की शपथ लेने से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने निवास में देवी-देवताओं की पूजा की। अपने परिजनों के साथ पूजा में हिस्सा लिया, नवग्रह पूजा के साथ ही अनुष्ठान भी किया। अपनी माता जसमनी देवी का आशीर्वाद लिया। मां ने बेटे को गले लगाकर आशीर्वाद दिया।

साय बने भाजपा के दूसरे मुख्यमंत्री

विष्णुदेव साय राज्य के चौथे तथा भाजपा के दूसरे मुख्यमंत्री हैं। मध्य प्रदेश को विभाजित कर नवम्बर 2000 में आस्तित्व में आए इस राज्य में इससे पहले स्वं अजीत जोगी,डा.रमन सिंह एवं भूपेश बघेल मुख्यमंत्री रहे है। डॉ.रमन सिंह लगातार तीन कार्यकाल मुख्यमंत्री रहे हैं। भाजपा ने पहली बार राज्य में उप मुख्यमंत्री बनाए हैं। राज्य में हुए चुनावों में 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 54 सदस्य चुने गए है। भाजपा ने चौथी बार राज्य में पूर्ण बहुमत हासिल किया। पार्टी ने इस चुनाव को बगैर किसी को मुख्यमंत्री पद के लिए नामित किए लड़ा था। रविवार को साय को पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की पार्टी पर्येवेक्षकों केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा एवं सर्वानंद सोनोवाल, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम के अलावा पार्टी के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी केन्द्रीय मंत्री मनसुख मांडविया एवं सह प्रभारी नितिन नबीन की मौजूदगी में हुई बैठक में सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया था।

रायपुर साइंस कॉलेज मैदान में 3 मंच बनाए गए

विष्णुदेव साय के शपथ ग्रहण समारोह के लिए रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में तीन मंच बनाए गए। मुख्य मंच में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। वहीं, एक मंच में वीवीआईपी गेस्ट बैठे। दूसरे मंच में नवनिर्वाचित विधायकों के लिए सीट लगाई गई। शपथ ग्रहण को ज्यादा से ज्यादा लोग देख सके इसके लिए एल.ई.डी.स्क्रीन भी लगाई गई थी। ये भी पढ़ें- MP में अब ‘मोहन’ राज, देवड़ा-शुक्ला ने ली डिप्टी CM की शपथ; PM मोदी- शाह और नड्डा रहे मौजूद
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts