Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छत्तीसगढ़ में छात्रा ने की आत्महत्या :चोरी के आरोप, पैसों की मांग और मानसिक दबाव के बाद उठाया कदम; IC मार्ट के CCTV जब्त, मॉल सील

छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर में 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या के बाद IC मार्ट प्रबंधन पर चोरी का झूठा आरोप लगाने, कथित ब्लैकमेल और पैसों की मांग के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने मॉल को सील कर CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्य जब्त कर जांच शुरू कर दी है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
चोरी के आरोप, पैसों की मांग और मानसिक दबाव के बाद उठाया कदम; IC मार्ट के CCTV जब्त, मॉल सील
छत्तीसगढ़: छात्रा की मौत के बाद IC मार्ट सील

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में 17 वर्षीय छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि स्थानीय IC मार्ट प्रबंधन ने छात्रा और उसकी बहन पर चोरी का झूठा आरोप लगाया, उनसे जबरन लिखित बयान लिया और पैसों की मांग की। परिवार का कहना है कि इसी मानसिक तनाव और कथित ब्लैकमेल से परेशान होकर छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने IC मार्ट को सील कर जांच शुरू कर दी है।

चोरी का आरोप लगाकर रोकने का आरोप

परिजनों के मुताबिक, छात्रा अपनी बहन के साथ खरीदारी करने IC मार्ट गई थी। आरोप है कि वहां मौजूद कर्मचारियों ने दोनों बहनों पर चोरी का आरोप लगाकर उन्हें मॉल के अंदर ही रोक लिया। परिवार का कहना है कि दोनों पर दबाव बनाकर एक कागज पर हस्ताक्षर करवाए गए, जिसमें चोरी करने की बात लिखी गई थी।

पैसों की मांग और स्कूटी रोकने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि इस कथित लिखित बयान का हवाला देकर पहले 20 हजार रुपये और बाद में 50 हजार रुपये की मांग की गई। साथ ही छात्रा की स्कूटी भी अपने पास रख ली गई। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।

पिता ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक छात्रा के पिता, जो पुलिस विभाग में आरक्षक हैं उनका कहना है कि सूचना मिलने पर वे IC मार्ट पहुंचे थे। उनके अनुसार, वहां भी स्कूटी लौटाने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की गई। परिजनों का आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम से छात्रा मानसिक रूप से टूट गई और भविष्य को लेकर डरने लगी। अगले दिन उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

CG News

पुलिस ने मार्ट किया सील

घटना के बाद कोरिया पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के निर्देश पर IC मार्ट को सील कर दिया गया है। पुलिस ने मॉल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी सबूतों की जांच की जा रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

सभी पहलुओं की हो रही जांच

पुलिस के अनुसार, मामले में छात्रा पर मानसिक दबाव, कथित ब्लैकमेल, पैसों की मांग और जबरन लिखित बयान लेने जैसे सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शहर में आक्रोश, निष्पक्ष जांच का भरोसा

इस घटना के बाद बैकुंठपुर में लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts