Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर में संत मोहितराम पाठक बोले- सनातन और गौमाता की रक्षा के लिए गाली ही नहीं, गोली खाने को भी तैयार

सीहोर में धार्मिक महोत्सव के दौरान संत मोहितराम पाठक ने गौसेवा और सनातन धर्म की रक्षा का संदेश दिया। भजन संध्या, छप्पन भोग और भंडारा भी हुआ।

सीहोर। सनातन धर्म की रक्षा, गौमाता की सेवा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण को लेकर संत समाज ने एक बार फिर बुलंद आवाज उठाई है। सीहोर की पावन धरा पर आयोजित भव्य धार्मिक महोत्सव में कथा व्यास एवं परम गौभक्त राष्ट्रीय संत पं. मोहितरामजी पाठक ने दोटूक शब्दों में कहा कि सनातन धर्म और गौमाता की सेवा एवं रक्षा के लिए वे गाली ही नहीं, गोली खाने को भी तैयार हैं।

उनका यह ओजस्वी उद्घोष पूरे आयोजन में चर्चा का केंद्र रहा। श्रीराम गौशाला गोतीर्थ क्षेत्र, श्री केदारनाथ धाम में आयोजित भजन संध्या, छप्पन भोग अन्नकूट महोत्सव और विशाल भंडारे ने पूरे क्षेत्र को धर्म, भक्ति और गौसेवा के रंग में रंग दिया।

संतों के सानिध्य में सजा धर्म और संस्कृति का महाकुंभ

श्री माधव महाकाल आरोग्य आश्रम, सीवन नदी तट, सेक्रा खेड़ी रोड, सीहोर में पूज्य गुरुदेव कटारे बाबा के आशीर्वाद और संत समाज के मार्गदर्शन में यह भव्य आयोजन संपन्न हुआ।

कथा व्यास एवं परम गौभक्त पं. मोहितरामजी पाठक के पावन सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव में सीहोर सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से गौसेवक, सनातन धर्मावलंबी और श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे। आयोजन स्थल पर सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। चारों ओर धार्मिक उत्साह, श्रद्धा और सेवा का वातावरण दिखाई दिया।

सीहोर में सीवन नदी को स्वच्छ रखने की पहल, सैकड़ों महिलाओं ने ली कचरा और पूजन सामग्री नहीं डालने की शपथ

गौमाता की रक्षा पर संत का दोटूक संदेश

पं. मोहितरामजी पाठक ने अपने संबोधन में गौमाता की सेवा और रक्षा को सनातन धर्म का महत्वपूर्ण दायित्व बताया। उन्होंने कहा कि गौमाता के प्रति सम्मान केवल धार्मिक भावना तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रत्येक सनातनी को अपने आचरण और कर्मों से गौसेवा के प्रति समर्पण प्रदर्शित करना चाहिए।

सनातन संस्कृति की परंपराओं और मूल्यों की रक्षा के लिए समाज को एकजुट होकर आगे आना होगा। उनका कहना था कि गौसेवा, धर्मरक्षा और संस्कारों का संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनके ओजस्वी विचारों ने श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का संचार किया।

भजनों की स्वर लहरियों पर झूमे श्रद्धालु

प्रसिद्ध भजन गायक देवेंद्र राजपूत ने अपनी मधुर और प्रभावशाली प्रस्तुतियों से भजन संध्या को यादगार बना दिया। भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण, भगवान केदारनाथ और नारायण की भक्ति से ओतप्रोत भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

जैसे-जैसे भजनों की स्वर लहरियां गूंजती गईं, वैसे-वैसे पूरा गोतीर्थ क्षेत्र जयकारों और हरिनाम संकीर्तन से गुंजायमान होता रहा। श्रद्धालु भक्ति में झूमते और भगवान के जयघोष करते नजर आए। आयोजन में भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनूठा संगम देखने को मिला।

सीहोर में स्वास्थ्यकर्मियों ने विधायक और कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विशेष भर्ती नीति बनाने की मांग

भगवान को अर्पित हुआ 56 भोग, हजारों ने ग्रहण की प्रसादी

महोत्सव का विशेष आकर्षण भगवान को समर्पित छप्पन भोग अन्नकूट रहा। विभिन्न व्यंजनों से सजे भोग को विधि-विधान के साथ भगवान को अर्पित किया गया। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने परिवार सहित पहुंचकर प्रसादी ग्रहण की। सेवा और समरसता की भावना के साथ आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं की भागीदारी ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।

गौसेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संकल्प

यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान और भजन संध्या तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गौसेवा, धर्मरक्षा, सामाजिक एकता और भारतीय संस्कारों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश भी दे गया। संत समाज के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव ने समाज को गौमाता की सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए आगे आने की प्रेरणा दी। सीहोर की इस धर्ममय बेला में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब लंबे समय तक श्रद्धालुओं के मन में स्मरणीय रहेगा।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts