सोहागपुर के गुरुद्वारा गुरु नानक दरबार में मना गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व

सोहागपुर। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557 वैं पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को सोहागपुर स्थित गुरुद्वारा गुरु नानक दरबार में सभी समाजों के लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रकाश पर्व मनाया। धार्मिक आयोजन में सुबह पाठ की समाप्ति के बाद शब्द कीर्तन हुआ तथा अरदास के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
टेकरी के नाम से जाना जाता है
इस अवसर पर प्रीति पाल सिंह खनूजा ने जानकारी देते हुए बताया कि सोहागपुर की पावन धरती पर श्री गुरु नानक देव जी का दो बार आगमन हुआ था। नगर में जिस स्थान पर गुरु नानक देव जी ठहरे थे, उस स्थान को गुरु नानक टेकरी के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि सोहागपुर नगर में गुरु नानक देव जी के चरण पड़े, यह नगरवासियों और श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत गौरव एवं सौभाग्य की बात है।
सद्भाव के मार्ग पर चलने का भाव
प्रकाश पर्व के अवसर पर नगर एवं समस्त समाज की सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए सामूहिक अरदास की गई। ज्ञानी सुरजीत सिंह जी ने अरदास संपन्न कराई। आयोजन में उपस्थित श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के बताए प्रेम, सेवा, समानता और सद्भाव के मार्ग पर चलने का भाव व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रतिपाल सिंह खनूजा, राजू वेद, पिंकी वेद, जीवन दुबे, जितेंद्र, सरिता सिंह खनूजा, संगीता कौर खनूजा, मनप्रीत कौर खनूजा सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।




















