निजी कॉलेजों के रिटायर्ड कर्मचारियों की पेंशन फाइलों में देरी पर सख्ती, गड़बड़ी मिलने पर होगी वसूली

जबलपुर। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सेवा रिकॉर्ड, वेतन निर्धारण या अंशदायी भविष्य निधि (सीपीएफ) की गणना में गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। अधिक या अनियमित भुगतान की राशि की नियमानुसार वसूली भी होगी। पेंशन प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के लिए सेवानिवृत्ति से कम से कम 6 महीने पहले सेवा पुस्तिका और अन्य दस्तावेजों की जांच अनिवार्य की गई है।
एक अप्रैल 2000 से पहले नियुक्त कर्मचारियों के प्रकरण होंगे शामिल
उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के पेंशन मामलों को लेकर निर्देश जारी किए हैं। इसमें उन कर्मचारियों को शामिल किया गया है, जिनकी नियुक्ति एक अप्रैल 2000 से पहले अनुदान अंतर्गत स्वीकृत पदों पर हुई थी। विभागीय परीक्षण में अधूरे दस्तावेज, सेवा पुस्तिका में गलत प्रविष्टियां और सीपीएफ की गणना में कमियां सामने आई हैं।
ये भी पढ़ें: जबलपुर में शुरू हुआ मिल्क बैंक अमृत कलश, जरूरतमंद नवजातों को मिलेगा मां का दूध
सेवा पुस्तिका की हर प्रविष्टि की होगी जांच
विभाग ने सेवा पुस्तिका में जन्मतिथि के प्रमाण, प्रथम नियुक्ति और नियमितीकरण के आदेश, वर्षवार सेवा सत्यापन और अवैतनिक और असाधारण अवकाश का पूरा विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा पदोन्नति, क्रमोन्नति, वरिष्ठ वेतनमान और समयमान वेतनमान से जुड़े आदेशों का भी परीक्षण होगा। सीपीएफ की मासिक कटौती और डिमांड ड्राफ्ट और आरटीजीएस के जरिए जमा राशि का हिसाब भी दस्तावेजों के आधार पर जांचा जाएगा।
रिटायरमेंट से 6 महीने पहले शुरू होगी पेंशन की प्रक्रिया
पेंशन प्रकरणों में आखिरी समय की भागदौड़ रोकने के लिए सेवानिवृत्ति से कम से कम 6 महीने पहले सेवा पुस्तिका और अन्य अभिलेखों की जांच करनी होगी। यह जिम्मेदारी अग्रणी शासकीय महाविद्यालय स्तर पर तय की गई है। प्रत्येक जिले के अनुदान प्राप्त अशासकीय महाविद्यालयों की अद्यतन सूची तैयार कर कर्मचारियों की नियुक्ति, पद और सेवानिवृत्ति संबंधी जानकारी भी पेंशन प्रस्ताव के साथ भेजनी होगी।
संयुक्त हस्ताक्षर के बिना आगे नहीं बढ़ेगी पेंशन फाइल
जारी निर्देशों के अनुसार पेंशन और उपादान स्वीकृति का गणना पत्रक संबंधित महाविद्यालय के प्राचार्य, प्रभारी प्राचार्य या अध्यक्ष और अग्रणी शासकीय महाविद्यालय के शिक्षा अधिकारी के संयुक्त हस्ताक्षर से प्रमाणित होगा। इसमें नियुक्ति निर्धारित तिथि से पहले स्वीकृत पद पर होने, किसी तरह का अनियमित भुगतान नहीं किए जाने और सीपीएफ की राशि नियमानुसार पेंशन खाते में जमा या अंतरित होने की पुष्टि करनी होगी।
प्रपत्र-अ के साथ भेजना होगा प्रस्ताव
पेंशन प्रस्ताव के साथ निर्धारित प्रपत्र-अ भी संलग्न करना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी जरूरी दस्तावेजों और संयुक्त हस्ताक्षर से प्रमाणित गणना पत्रक के बाद ही प्रकरण को पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) और ग्रेच्युटी भुगतान आदेश (जीपीओ) जारी करने योग्य माना जाएगा। रिकॉर्ड में गड़बड़ी या अधिक भुगतान मिलने पर संबंधित जिम्मेदारी तय होगी और नियमानुसार वसूली की जाएगी।
सभी निजी कॉलेजों के प्राचार्यों को जारी किए निर्देश
उच्च शिक्षा विभाग के क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक डॉ.अलकेश चतुर्वेदी ने बताया कि अनुदान प्राप्त निजी कॉलेजों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पेंशन प्रकरणों में आखिरी समय की भागदौड़ रोकने के लिए सेवानिवृत्ति से कम से कम 6 महीने पहले सेवा पुस्तिका और अन्य अभिलेखों की जांच करनी होगी। इसे लेकर सभी निजी कॉलेजों के प्राचार्यों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।




















