छिंदवाड़ा में घर के अंदर कुर्सी पर मिला वार्ड बॉय का शव, दो दिन से बंद था दरवाजा; मौत की वजह स्पष्ट नहीं

छिंदवाड़ा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तामिया में पदस्थ वार्ड बॉय नेपाल शाह उईके की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार को उनका शव घर के अंदर कुर्सी पर बैठी अवस्था में मिला। हाथ में गिलास था और नीचे शराब की बोतल पड़ी हुई थी।
दो दिन से घर का दरवाजा नहीं खुलने पर आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो नेपाल शाह का शव मिला। प्रारंभिक अनुमान है कि उनकी मौत करीब दो दिन पहले हुई होगी। हालांकि, मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
ज्यादा शराब पीने से बिगड़ी तबियत
जानकारी के अनुसार, नेपाल शाह तामिया स्थित अपने घर में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी और तीन बेटियां पारिवारिक विवाद के चलते मायके में रह रही थीं। बताया जा रहा है कि नेपाल शाह शराब का सेवन करते थे।
प्रारंभिक तौर पर अत्यधिक शराब सेवन से तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, ब्लड शुगर कम होने या हार्ट अटैक की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।
सागर में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत, जहरीली शराब की आशंका पर जांच शुरू
अटेंडेंस के बाद ड्यूटी से गायब रहने की शिकायतें
अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, नेपाल शाह के कामकाज को लेकर पहले भी शिकायतें मिल चुकी थीं। आरोप था कि वे अस्पताल पहुंचकर रजिस्टर में हस्ताक्षर और ऑनलाइन अटेंडेंस लगाने के बाद ड्यूटी से गायब हो जाते थे।
शाम 6 बजे तक ड्यूटी होने के बावजूद जरूरत पड़ने पर उनकी तलाश की जाती थी, लेकिन वे उपलब्ध नहीं रहते थे। नशे की हालत में रहने को लेकर स्टाफ नर्सों ने भी शिकायत की थी।
20 नवंबर को मिला था नोटिस
तामिया बीएमओ भुनेश्वर कुमार ने बताया कि लापरवाही को लेकर 20 नवंबर को उन्हें स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया था। इसके अगले दिन यानी 21 नवंबर से वे अस्पताल नहीं पहुंचे। लगातार अनुपस्थित रहने के बीच उनके घर का दरवाजा भी दो दिन तक नहीं खुला।
बीएमओ भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि कर्मचारी की अनुपस्थिति और पूर्व में जारी नोटिस के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह सामने आ सकेगी।




















