छग में 8 लाख करोड़ का निवेश, 1.6 लाख रोजगार की तैयारी,साय सरकार ने उद्योगों को दिया बड़ा बूस्ट

प्रेम कुमार,रायपुर: छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा दावा किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश अब औद्योगिक विकास, बड़े निवेश और रोजगार सृजन के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उनके मुताबिक राज्य में करीब 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश के लिए 280 परियोजनाओं के एमओयू हो चुके हैं। इन परियोजनाओं के पूरी तरह धरातल पर उतरने के बाद 1.6 लाख से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है।
8 लाख करोड़ के निवेश पर बड़ा दांव
अमित चिमनानी ने बताया कि छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विस्तार को गति देने के लिए अब तक करीब 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश से जुड़ी 280 परियोजनाओं के सहमति पत्र यानी एमओयू पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। इनमें से करीब 55 प्रतिशत परियोजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है या प्रगति पर है। सरकार का दावा है कि इससे निवेश प्रस्तावों को जल्द जमीन पर उतारने की दिशा में तेजी आई है।
ये भी पढ़ें: CM साय का सिंगापुर दौरा: 2 से 7 अक्टूबर तक विदेश प्रवास, ग्लोबल निवेशकों के सामने रखेंगे छग का विजन
1.6 लाख से ज्यादा रोजगार का लक्ष्य
इन सभी निवेश प्रस्तावों और परियोजनाओं के पूरी तरह स्थापित होने पर छत्तीसगढ़ में 1.6 लाख से अधिक नए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होने का अनुमान है। भाजपा प्रवक्ता के मुताबिक जिन परियोजनाओं में निर्माण और उत्पादन का काम शुरू हो चुका है, उनमें पहले से ही बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलना शुरू हो गया है। इससे आने वाले समय में स्थानीय कुशल और अकुशल श्रमिकों के लिए रोजगार के और अवसर बनने की उम्मीद जताई गई है।
6,310 औद्योगिक इकाइयों को मिला ₹1,594 करोड़ का लाभ
औद्योगिक नीति के तहत वित्तीय प्रोत्साहन को लेकर भी सरकार की ओर से आंकड़े जारी किए गए हैं। चिमनानी के अनुसार वर्ष 2023 से 2026 के बीच 6,310 औद्योगिक इकाइयों को कुल 1,594.97 करोड़ रुपये की पूंजीगत और ब्याज सब्सिडी वितरित की गई है। इसके अलावा 3,503 औद्योगिक इकाइयों ने स्टाम्प शुल्क और विद्युत शुल्क में मिलने वाली विशेष छूट का लाभ लिया है।

9,800 से ज्यादा इकाइयों को राहत
इन आंकड़ों को जोड़कर भाजपा ने दावा किया कि 9,800 से अधिक औद्योगिक इकाइयों को वित्तीय प्रोत्साहन और विभिन्न कर/शुल्क संबंधी राहत का लाभ मिला है। सरकार का फोकस उद्योगों को सुविधा देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने पर बताया गया है।
ये भी पढ़ें: Raipur: छत्तीसगढ़ में ग्रीन स्टील का बड़ा दांव,13,840 करोड़ का निवेश प्रस्ताव; 10,921 युवाओं को रोजगार
सिंगापुर से जापान तक निवेश की तलाश
छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश के नक्शे पर स्थापित करने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विदेश दौरों को भी महत्वपूर्ण बताया गया। चिमनानी ने कहा कि विदेश मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित SING Forum में भाग लेने के लिए देश के केवल दो राज्यों—छत्तीसगढ़ और हरियाणा—का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि सिंगापुर दौरे का प्रमुख उद्देश्य ऑटोमोबाइल, फार्मास्युटिकल्स और फूड प्रोसेसिंग जैसे रोजगार क्षमता वाले क्षेत्रों में बहुराष्ट्रीय कंपनियों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आकर्षित करना है।
जापान दौरे के बाद JETRO की छत्तीसगढ़ में एंट्री
जापान दौरे के परिणामों का उल्लेख करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि Japan External Trade Organization (JETRO) के साथ लगातार संवाद के बाद जुलाई में जेट्रो की उच्चस्तरीय टीम ने छत्तीसगढ़ का दौरा किया। जापानी प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के Electronics Manufacturing Cluster (EMC), Pharma Park, Readymade Garments Park और Textile Park की अधोसंरचना का निरीक्षण किया। चिमनानी के अनुसार जेट्रो ने अपनी आधिकारिक वैश्विक वेबसाइट पर छत्तीसगढ़ में उपलब्ध औद्योगिक अवसरों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया है। जापानी निवेशकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी संवाद जारी है।
ये भी पढ़ें: Raipur News: रायपुर में 600 किरायेदारों की पुलिस जांच, 6 संदिग्धों से पूछताछ; अवैध प्रवासियों पर सख्त अभियान
सरकार का दावा सिर्फ कारखाने नहीं, ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनेगा छत्तीसगढ़
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल नए कारखाने स्थापित करना नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर, समृद्ध और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी विनिर्माण केंद्र बनाना है। सरकार के मुताबिक औद्योगिक निवेश बढ़ने से इसका सीधा फायदा प्रदेश के युवाओं के साथ किसानों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मिलने की उम्मीद है। प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया के सह संयोजक राहुल राय और मीडिया पैनलिस्ट निशिकांत पांडे भी मौजूद रहे।




















