UP News:राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद पर वाराणसी में केस दर्ज, संसद परिसर में प्रदर्शन मामले में एक्शन

संसद परिसर में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के विरोध में प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शन के दौरान भगवा वेश और दान पात्र के इस्तेमाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया। संतों और कई संगठनों ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है।
संसद में प्रदर्शन के बाद कार्रवाई
संसद भवन में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के विरोध में विपक्ष की ओर से प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान सांसद पप्पू यादव भगवा वेश में दान पात्र लेकर बैठे दिखाई दिए। राहुल गांधी ने प्रतीकात्मक रूप से दान पात्र में पैसे डाले, जिसके बाद पप्पू यादव वहां से भागते हुए नजर आए। इस प्रदर्शन के जरिए राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे को उठाने का प्रयास किया गया था।
कुशीनगर: नाले में डूबने से तीन सगी बहनों की मौत, 12 घंटे बाद शव बरामद
संतों की शिकायत पर वाराणसी में दर्ज हुआ केस
इस प्रदर्शन को लेकर वाराणसी के संतों ने कड़ी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि भगवा वेश में चोरी का प्रतीकात्मक चित्रण धार्मिक भावनाओं को आहत करता है। संतों की शिकायत के आधार पर वाराणसी के कोतवाली थाने में राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
भाजपा और कई संगठनों ने जताया विरोध
भारतीय जनता पार्टी, विश्व हिंदू परिषद और अन्य संगठनों ने भी इस प्रदर्शन की आलोचना की है। उनका कहना है कि भगवा वेश को चोरी की घटना से जोड़ना हिंदू समाज का अपमान है। भाजपा के पूर्व प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शन की शैली पर आपत्ति दर्ज कराई। विश्व हिंदू परिषद के नेता आलोक कुमार ने भी इसे अनुचित बताया है।
विपक्षी गठबंधन पर पड़ेगा असर!
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस घटनाक्रम का असर विपक्षी गठबंधन की छवि पर पड़ सकता है। उनका कहना है कि इस तरह के प्रतीकात्मक प्रदर्शन को लेकर अलग-अलग राजनीतिक संदेश निकल सकते हैं। इसी बीच लखनऊ में एक संगठन ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पप्पू यादव और अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी की और पुतले भी जलाए। मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी लगातार जारी है।












