बिलासपुर में भीषण हादसा :रॉन्ग साइड आए ट्रेलर ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, 4 की मौत; सालगिरह समारोह से लौट रहा था परिवार

बिलासपुर के रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। रॉन्ग साइड आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और सिम्स अस्पताल में भर्ती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रॉन्ग साइड आए ट्रेलर ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, 4 की मौत; सालगिरह समारोह से लौट रहा था परिवार
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने हुआ।

    बताया जा रहा है कि, मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे, जो शादी की 25वीं सालगिरह के कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। कुछ ही मिनटों में खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।

    रात 2 बजे हुआ हादसा

    जानकारी के अनुसार, ट्रेलर क्रमांक CG 11 BD 9044 सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर जा रहा था। तड़के करीब 2 बजे यह ट्रेलर अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में पहुंच गया। उसी दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो (CG 04 MQ 4220) से उसकी सीधी टक्कर हो गई।

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। ट्रेलर ने पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी अपनी चपेट में ले लिया और पलट गया। हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

    दो घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

    हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सकरी थाना पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और उसमें सवार लोग वाहन के भीतर बुरी तरह फंस गए थे। घायलों और मृतकों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया।

    तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी। एक युवक को गंभीर हालत में बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

    यह भी पढ़ें: 120 सरेंडर नक्सली पहुंचे छत्तीसगढ़ विधानसभा : झीरम हमले का मास्टरमाइंड चैतू भी आया, किसानों के मुद्दे पर सदन में चर्चा

    मृतकों की पहचान

    पुलिस द्वारा जारी प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है:

    1. छत्रपाल रात्रे (37 वर्ष), निवासी ग्राम कुवागांव, थाना तखतपुर
    2. विशाल लहरे (25 वर्ष), निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली
    3. अनमोल लहरे (14 वर्ष), निवासी बिरगहनी, जिला मुंगेली
    4. देवेंद्र मिरी (32 वर्ष), निवासी सीपत

    वहीं प्रकाश रात्रे, निवासी कुवागांव, गंभीर रूप से घायल हैं और सिम्स अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि, सभी मृतक आपस में रिश्तेदार थे और एक ही पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे।

    कैसे हुआ हादसा?

    प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि, ट्रेलर तेज रफ्तार में था और चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। वाहन रॉन्ग साइड में पहुंच गया, जिससे यह भीषण टक्कर हुई। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। आशंका है कि, तेज रफ्तार और लापरवाही इसकी मुख्य वजह हो सकती है।

    कुछ देर हाईवे पर लगा जाम

    दुर्घटना के बाद रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद यातायात सामान्य किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। देर रात हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्थाओं और हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

    यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों में बच्चों को आत्मनिर्भरता की शिक्षा के साथ पोषण देने की अनूठी पहल

    मातम में डूबा तखतपुर और मुंगेली क्षेत्र

    हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के गांवों में पहुंची, वहां शोक की लहर दौड़ गई। शादी की सालगिरह की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि, इस मार्ग पर अक्सर भारी वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

    रायपुर-रतनपुर मार्ग छत्तीसगढ़ का प्रमुख यातायात मार्ग है, जहां दिन-रात भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। देर रात और तड़के के समय तेज रफ्तार और नींद के कारण वाहन चालक नियंत्रण खो देते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं।

    पुलिस की कार्रवाई जारी

    सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मर्ग कायम कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। ट्रेलर चालक से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि, जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के सटीक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

    Latest Posts