बिहार के 3 लाख छात्रों को मिलेगा 24x7 शिक्षक का साथ, CM सम्राट चौधरी ने लॉन्च किया ‘बिहार विद्या साथी’

बिहार सरकार ने विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और पढ़ाई में व्यक्तिगत मार्गदर्शन देने के लिए नई डिजिटल पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘बिहार विद्या साथी’ प्लेटफार्म की शुरुआत की। पहले चरण में राज्य के सभी 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों को इससे जोड़ा गया है। सरकार के मुताबिक, इस पहल से करीब 3 लाख विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।
24 घंटे उपलब्ध रहेंगे लाइव शिक्षक
'बिहार विद्या साथी' के जरिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी पढ़ाई से जुड़ी मदद ले सकेंगे। प्लेटफार्म पर 24 घंटे लाइव शिक्षक उपलब्ध रहेंगे। विद्यार्थी अपनी जरूरत के अनुसार शिक्षक का चयन कर सकेंगे और वन-टू-वन बातचीत के जरिए अपने सवालों के जवाब पा सकेंगे। यानी पढ़ाई के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें शिक्षक की मदद आसानी से मिल सकेगी।
75 हजार शिक्षक देंगे शैक्षणिक सहयोग
इस डिजिटल प्लेटफार्म के तहत करीब 75 हजार शिक्षक विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग देंगे। कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्रों को सभी विषयों में पढ़ाई से जुड़ी सहायता मिलेगी। वहीं, 11वीं और 12वीं के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को लाइव ट्यूटर सपोर्ट के साथ बिहार बोर्ड, JEE और NEET की तैयारी के लिए डिजिटल स्टडी मटेरियल भी उपलब्ध कराया जाएगा।
AI से मजबूत होगी कॉन्सेप्ट लर्निंग
'बिहार विद्या साथी' में आधुनिक AI टूल्स का भी इस्तेमाल किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की कॉन्सेप्ट लर्निंग को बेहतर बनाना और उन्हें ज्यादा अभ्यास का अवसर देना है। विद्यार्थियों को असीमित अध्ययन और प्रैक्टिस की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है, ताकि वे अपनी गति और जरूरत के अनुसार पढ़ाई कर सकें।
सफल रहा तो दूसरे स्कूलों तक होगा विस्तार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि फिलहाल इस व्यवस्था की शुरुआत 700 मॉडल विद्यालयों से की गई है। इसके परिणाम और अनुभव के आधार पर इसे राज्य के दूसरे विद्यालयों तक भी विस्तार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थी कहीं भी हों और जब भी पढ़ाई करें, उन्हें अपने सवालों का जवाब और शिक्षक का सहयोग आसानी से मिल सके।
छात्राओं ने दिया ऐप का डेमो
कार्यक्रम के दौरान ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्राओं जाह्नवी और जिया ने ऐप के इस्तेमाल का डेमो दिया। छात्राओं ने प्लेटफार्म की सुविधाओं और इससे मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी जताया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस.एम. सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





















