भोपाल में लेडी कॉन्स्टेबल के पति की मौत, कपड़ों में मिला सुसाइड नोट

भोपाल। राजधानी भोपाल की नेहरू नगर पुलिस लाइन में बुधवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कृष्णा धारू के रूप में हुई है। उसकी पत्नी लक्ष्मी धारू भोपाल के टीटी नगर थाने में लेडी कॉन्स्टेबल के पद पर पदस्थ हैं। दोनों नेहरू नगर पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में रहते थे। पुलिस के मुताबिक कृष्णा का शव पुलिस लाइन परिसर में एक पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कपड़ों में मिला सुसाइड नोट
पुलिस को कृष्णा के कपड़ों से एक सुसाइड नोट भी मिला है। नोट में मारपीट के आरोपों को गलत बताया गया है और इन्हीं आरोपों से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात लिखी गई है। पुलिस ने सुसाइड नोट को जांच के लिए हैंडराइटिंग एक्सपर्ट के पास भेजा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नोट वास्तव में कृष्णा ने ही लिखा था या नहीं। हस्तलेख जांच की रिपोर्ट मिलने के बाद ही नोट की प्रामाणिकता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
ये भी पढ़ें: बीजेपी में आशीष अग्रवाल का बढ़ा कद, बने राष्ट्रीय मीडिया संयोजक; बृजगोपाल लोया को MP में नई जिम्मेदारी
शराब को लेकर दंपती में होता था विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कृष्णा को शराब पीने की आदत थी। इसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक करीब तीन दिन पहले कृष्णा की पत्नी लक्ष्मी ने कमला नगर थाने में उसके खिलाफ शराब के नशे में मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद बुधवार सुबह कृष्णा का शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस अब शिकायत, सुसाइड नोट और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों को जांच का हिस्सा बनाकर मामले की पड़ताल कर रही है।
ये भी पढ़ें: भेरू घाट की ढलान पर भिड़े 5 वाहन, मुंबई-आगरा फोरलेन पर लगा लंबा जाम
कृष्णा करता था प्राइवेट काम
कृष्णा धारू प्राइवेट काम करता था और पत्नी लक्ष्मी के साथ नेहरू नगर पुलिस लाइन के सरकारी आवास में रहता था। घटना के बाद पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।



















