Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बीजेपी में आशीष अग्रवाल का बढ़ा कद, बने राष्ट्रीय मीडिया संयोजक; बृजगोपाल लोया को MP में नई जिम्मेदारी

भाजपा ने आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी है। वहीं बृजगोपाल लोया को मध्यप्रदेश भाजपा का नया प्रदेश मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
बीजेपी में आशीष अग्रवाल का बढ़ा कद, बने राष्ट्रीय मीडिया संयोजक; बृजगोपाल लोया को MP में नई जिम्मेदारी
बीजेपी संगठन में आशीष अग्रवाल का प्रमोशन

भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता आशीष अग्रवाल को पार्टी संगठन में एक बार फिर अहम जिम्मेदारी मिली है। भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया है। इससे पहले अगस्त में उन्हें राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई थी। अब राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया विभाग की कमान मिलने के बाद उनका संगठनात्मक दायरा और बढ़ गया है। आशीष अग्रवाल इससे पहले मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। प्रदेश में पार्टी और मीडिया के बीच समन्वय बनाने के साथ वे भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रमों, सरकार से जुड़े मुद्दों और पार्टी के आधिकारिक पक्ष को मीडिया तक पहुंचाने में सक्रिय रहे हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया की जिम्मेदारी

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में आशीष अग्रवाल को अब मीडिया विभाग की प्रमुख जिम्मेदारी मिली है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यक्रमों, नीतियों और संगठन से जुड़े मुद्दों को मीडिया तक पहुंचाने तथा राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के संचार तंत्र के समन्वय में उनकी भूमिका रहेगी। भाजपा ने राष्ट्रीय संगठन में मीडिया विभाग के लिए पहले अनिल बलूनी को संयोजक और आशीष अग्रवाल समेत अन्य नेताओं को सह-संयोजक बनाया था। अब संगठन में हुए ताजा बदलाव के तहत आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है।

मध्यप्रदेश में बृजगोपाल लोया को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी

आशीष अग्रवाल के राष्ट्रीय संगठन में जाने के बाद मध्यप्रदेश भाजपा का प्रदेश मीडिया प्रभारी पद खाली हो गया था। अब प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने रायसेन के बृजगोपाल लोया को नया प्रदेश मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है। नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।

बृजगोपाल लोया इससे पहले भाजपा के मीडिया विभाग में सह मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। अब उन्हें प्रदेश मीडिया विभाग की कमान मिलने के बाद पार्टी के कार्यक्रमों और सरकार से जुड़े मुद्दों पर भाजपा का पक्ष मीडिया के सामने रखने की जिम्मेदारी होगी। इसके साथ ही प्रवक्ताओं के बीच समन्वय और महत्वपूर्ण मुद्दों पर पार्टी की प्रतिक्रिया तैयार कराने में भी उनकी भूमिका रहेगी।

प्रदेश से राष्ट्रीय संगठन तक बढ़ा आशीष अग्रवाल का दायरा

आशीष अग्रवाल को वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले मध्यप्रदेश भाजपा का प्रदेश मीडिया प्रभारी बनाया गया था। इसके बाद उन्होंने प्रदेश स्तर पर पार्टी के मीडिया प्रबंधन में जिम्मेदारी संभाली। अगस्त 2026 में भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उन्हें राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक बनाया गया था। अब ताजा संगठनात्मक बदलाव में उन्हें राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। इस बदलाव के साथ मध्यप्रदेश भाजपा के मीडिया विभाग में भी नई व्यवस्था लागू हो गई है। राष्ट्रीय स्तर पर आशीष अग्रवाल की जिम्मेदारी बढ़ी है, वहीं प्रदेश में बृजगोपाल लोया अब पार्टी के मीडिया विभाग का काम संभालेंगे।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts