PU Special :भोपाल में ढाई साल की बेटी ने तुड़वाई तलाक की जिद, 'पापा' कहकर थामी उंगली तो भावुक हुआ पिता

भोपाल में फैमिली कोर्ट के मीडिएशन सेंटर में ढाई साल की बच्ची की पुकार से पति-पत्नी के बीच सुलह हुई। इस दिवाली बेटी ने पिता के साथ त्योहार मनाया।
भोपाल में ढाई साल की बेटी ने तुड़वाई तलाक की जिद, 'पापा' कहकर थामी उंगली तो भावुक हुआ पिता

पल्लवी वाघेला, भोपाल। कभी तस्वीरों में अपनी बेटी को देखकर मन भरने वाला पिता आज उसे सामने देखकर खुद को संभाल नहीं पाया। नन्हे कदमों से चलती ढाई साल की बच्ची पिता के करीब पहुंची, उनकी उंगली थाम ली और मासूमियत से बोल पड़ी- 'पापा...'। बस, यही एक शब्द पिता के दिल में दबे दर्द, गुस्से और शिकायतों को बहाकर ले गया।

बेटी की आंखों में अपनेपन की चमक थी। चेहरे पर मासूम मुस्कान थी। नन्हीं-सी उंगली में पिता का हाथ थामने की चाह थी। यह नजारा देखकर पिता की आंखें भर आईं। जिस रिश्ते को खत्म करने का फैसला लेकर वह फैमिली कोर्ट के मीडिएशन सेंटर पर पहुंचा था, उसी रिश्ते को एक नन्ही-सी बच्ची ने अपनी मासूम पकड़ से फिर जोड़ दिया।

कुछ ही पल बेटी के साथ रहने के बाद पिता भावुक हो उठा। उसने कहा कि वह बेटी को अपने से दूर नहीं कर सकता। उसने पत्नी और बेटी के साथ दोबारा नई शुरुआत करने की इच्छा जताई। भोपाल के साकेत नगर निवासी इस परिवार की नई शुरुआत दिवाली से हुई। इस बार बेटी ने पहली बार अपने पिता के घर में उनके साथ दिवाली मनाई।

छोटी-छोटी बातों और अहम ने बढ़ाई दूरियां

दंपति ने चार साल पहले लव मैरिज की थी। दरअसल, आईटी कंपनी में काम करने के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी। साथ काम करते-करते नजदीकियां बढ़ीं और परिवारों को मनाकर शादी हुई। शुरुआत में जिंदगी खुशहाल थी, लेकिन धीरे-धीरे छोटी-छोटी बातें विवाद की वजह बनने लगीं।

पति-पत्नी के बीच मनमुटाव इतना बढ़ा कि दोनों अलग रहने लगे। पत्नी भोपाल स्थित मायके में रहने लगी और उसने पति को अपनी प्रेग्नेंसी की बात भी नहीं बताई। वहीं, पति इस तनाव से बचने की बात कहकर पुणे चला गया। इस बीच बेटी का जन्म हुआ, लेकिन उसके आने की खुशी भी दोनों के बीच की दूरियां कम नहीं कर सकी।

पिता ने जन्म के बाद बेटी को केवल एक बार देखा। पत्नी का कहना है कि उस वक्त पति ने एक बार भी साथ चलने को नहीं कहा। वहीं, पति का गुस्सा इस बात पर था कि पत्नी अपनी मर्जी से मायके गई और उससे पिता बनने की खुशी भी छिपाई। इसके बाद पति ने कभी पत्नी और बेटी से मुलाकात नहीं की।

पत्नी ने नहीं रखा करवा चौथ का व्रत, गुस्से में थाने पहुंचा पति; बोला- 'व्रत नहीं रखा तो दे दूंगा तलाक'

डेढ़ साल पहले पति ने दायर किया तलाक का केस

डेढ़ साल पहले पति ने तलाक का केस लगा दिया। हालांकि, पत्नी इसके लिए तैयार नहीं थी। उसका कहना था कि पति छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करता था। इसी से परेशान होकर वह मायके चली आई, लेकिन वह अपना रिश्ता खत्म नहीं करना चाहती थी। बेटी के जन्म के बाद भी पति की ओर से कोई पहल नहीं हुई। इससे उसकी उम्मीद टूटने लगी थी।

दूसरी ओर, पति का कहना था कि उसने बेटी को महज आठ दिन की उम्र में देखा था। इसके बाद वह उसकी तस्वीरें देखकर ही मन बहलाता रहा। पत्नी के मायके पक्ष का व्यवहार इतना खराब है कि वह चाहकर भी कदम नहीं बढ़ा सका। पति ने बताया कि पत्नी के मायके वालों का घर में जरूरत से ज्यादा हस्तक्षेप भी विवाद की बड़ी वजह था।

PU Special : ‘शादी में पहले जैसा रोमांच नहीं, अब हमें बदलाव चाहिए’, तलाक के लिए फैमिली कोर्ट पहुंचे 100 से ज्यादा मामले

बेटी को साथ लाने के लिए कहा

मामले में फैमिली कोर्ट के मीडिएशन सेंटर द्वारा पत्नी को कहा गया कि अगली बार बेटी को साथ लेकर जरूर आए। काउंसलर शैल अवस्थी ने बताया कि जब बेटी पिता के सामने आई तो माहौल ही बदल गया। अब तक तस्वीरों में अपनी बच्ची को देखने वाला पिता उसके नन्हे हाथों का स्पर्श महसूस कर रहा था।

बेटी ने बिना किसी शिकायत और सवाल के पिता की उंगली थाम ली। उसने उन्हें पापा कहकर पुकारा। उसकी इस एक पहल ने उसके माता-पिता की जिंदगी बदल दी। पत्नी ने बताया कि वह रोज पिता की तस्वीर बेटी को दिखाकर उसे पापा बोलने को कहती है। यही वजह है कि बच्ची ने पिता को पहचान लिया। वहीं, पिता की आंखों से आंसू छलक आए।

Breaking News

बेटी के साथ जलाए खुशियों के दीये

काउंसलर शैल अवस्थी ने बताया कि दोनों को समझाया गया कि बातचीत और आपसी समझ से हर परेशानी का समाधान निकाला जा सकता है। बच्ची की मौजूदगी ने वह कर दिखाया, जो लंबे समय से चली आ रही नाराजगी और समझाइश नहीं कर पाई थी। इस दिवाली पर भोपाल के पैतृक घर में दंपति ने एक साथ त्योहार मनाया। दंपति ने राजीनामे के लिए सहमति दी है।

Jitendra Shrivastava
By Jitendra Shrivastava

Latest Posts