बेगमगंज में गोवर्धन पूजा पर सजीं गायें, बरेदी नृत्य ने मोहा मन
बेगमगंज। रायसेन जिले के बेगमगंज शहर में गोवर्धन पूजा परंपरागत तरीके से धूमधाम के साथ मनाई गई। इस मौके पर लोगों ने घरों और सामूहिक रूप से भगवान गोवर्धन की स्थापना कर पूजा-अर्चना की। गोबर से भगवान गोवर्धन की प्रतिमा बनाई गई। वहीं, नगर के वार्ड नंबर 17 स्थित गुड्डा यादव कृष्णा अखाड़ा में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां गायों की पूजा और आरती के बाद यादव समाज का पारंपरिक बरेदी नृत्य हुआ, जो आकर्षण का केंद्र रहा।
वार्ड नंबर 17 में हुआ मुख्य गोवर्धन पूजा कार्यक्रम
नगर के वार्ड नंबर 17 में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, कांग्रेस नेता राजेंद्र सिंह तोमर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मलखान सिंह जाट, वरिष्ठ नेता शेर सिंह यादव दाऊ, हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष सचिन नेमा, पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र सिंह तोमर और भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अजय जाट सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अलावा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष लक्ष्मी दुबे, कमल सिंह साहू, सुरेश ताम्रकार, जिला पंचायत सदस्य मोहित लोधी, संदीप विश्वकर्मा, नवलकिशोर बबलू यादव, पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह यादव, उपेंद्र सिंह ठाकुर, संतोष राय, गुलाब रजक और पार्षद ओमकार यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से एसडीएम प्रियंका भलावी और तहसीलदार प्रमोद उइके ने भी गायों की पूजा की। गायों को सजाने के बाद अतिथियों ने पूजा-अर्चना और आरती की। इसके बाद कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसमें नगर के जनप्रतिनिधियों, गौसेवकों, महिलाओं और वार्ड के लोगों ने भाग लिया।
सजाकर गायों को दशहरा मैदान लेकर पहुंचे यादव समाज के लोग
गोवर्धन पूजा के अवसर पर यादव समाज के लोग अपनी गायों को सजाकर ढोल-नगाड़ों के साथ दशहरा मैदान पहुंचे। सुरेश यादव, गुड्डा यादव, राजा यादव, पप्पू यादव और संतोष यादव के नेतृत्व में गायों का दल मैदान पहुंचा। यहां ठाठिया बाबा के स्थान पर विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की गई और सुख-समृद्धि की कामना की गई। इस दौरान मोर पंख लेकर मोनियों ने सामूहिक नृत्य किया। आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के बीच हुए बरेदी नृत्य ने लोगों का ध्यान खींचा। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने एक-दूसरे को गोवर्धन पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
कई वर्षों से चली आ रही है गायों को सजाकर पूजा करने की परंपरा
बेगमगंज में गोवर्धन पूजा के दौरान गायों को सजाकर दशहरा मैदान लाने की परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है। गौसेवक पुरुषोत्तम यादव, संतोष यादव और मुलायम सिंह अपने पूर्वजों की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। वे हर साल गायों को सजाकर ढोल-नगाड़ों के साथ दशहरा मैदान पहुंचते हैं। यहां गायों की पूजा की जाती है और पारंपरिक नृत्य होता है। इस आयोजन को देखने के लिए नगर के सभी वर्गों के लोग बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। इस बार भी गोवर्धन पूजा में लोगों की अच्छी भागीदारी रही।






















