शोभापुर गौशाला में जनपद अध्यक्ष जालम सिंह पटेल ने किया गोवर्धन पूजन, गौ-सेवा और जैविक खेती का दिया संदेश
सोहागपुर। जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत शोभापुर में गोवर्धन पूजा का पर्व पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष जालम सिंह पटेल ने प्रशासनिक अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ गौशाला पहुंचकर सामूहिक रूप से गोवर्धन पूजन किया और गौ-सेवा की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान गायों को फल, गुड़ और हरा चारा खिलाकर पशुधन के संरक्षण का संदेश दिया गया।
गोबर से बनाई गोवर्धन पर्वत की आकृति, गौमाता का किया पूजन
पूजा के दौरान गाय के गोबर से प्रतीकात्मक गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाई गई। इसके बाद विधि-विधान से पूजन किया गया। जनपद अध्यक्ष जालम सिंह पटेल ने गौशाला में गौमाता को तिलक लगाया और माला पहनाकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने गायों को फल, गुड़ और हरा चारा खिलाया। इस मौके पर जनपद अध्यक्ष ने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व प्रकृति, पर्यावरण और पशुधन के संरक्षण की प्रेरणा देता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने इसी दिन गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और उनके पशुधन की रक्षा की थी। उन्होंने ग्रामीणों से सनातन परंपराओं को जीवित रखने, जैविक खेती को बढ़ावा देने और गौवंश के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत शोभापुर की सरपंच माया शाह, एसडीएम डॉ. बबीता राठौर, जनपद पंचायत CEO राम सोनी, पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया।
सोहागपुर के मातापुरा में जुए के फड़ पर पुलिस का छापा, मकान मालिक सहित 10 गिरफ्तार, 30,200 रुपए जब्त
घरों और मंदिरों में भी मनाया गया गोवर्धन पर्व
गोवर्धन पर्व पर शोभापुर के साथ सोहागपुर नगर में भी धार्मिक आयोजनों की धूम रही। लोगों ने अपने घरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर पूजा-अर्चना की। वहीं व्यापारिक प्रतिष्ठानों में व्यापारियों ने परंपरा के अनुसार तौल कांटे सहित अन्य उपयोगी सामग्रियों का पूजन किया।






















