छिंदवाड़ा के कन्हैया ढाना में पेयजल संकट और बच्चों की बीमारी पर विवाद, PHE ने 17 बच्चों के बीमार होने के दावे को नकारा
छिंदवाड़ा। जिले के उमरेठ ब्लॉक के खजरी अंतु क्षेत्र स्थित कन्हैया ढाना में पेयजल व्यवस्था और बच्चों की सेहत को लेकर विवाद सामने आया है। स्थानीय स्तर पर दूषित पानी पीने से करीब 17 बच्चों के बीमार होने और गांव में लंबे समय से पेयजल संकट बने रहने की बात सामने आई थी। मामले की जानकारी मिलने पर परासिया विधायक सोहन वाल्मीकि स्वास्थ्य विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग की टीम के साथ गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं PHE विभाग ने प्रेस नोट जारी कर बच्चों के बीमार होने और गांव में पूरी तरह पेयजल संकट होने के दावों को भ्रामक और निराधार बताया है।
विधायक ने मौके पर पहुंचकर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली
स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार गांव में बोरवेल की मोटर खराब होने के कारण जलापूर्ति प्रभावित थी। ग्रामीणों को नदी-नालों और अन्य जल स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा था। इसी दौरान करीब 17 बच्चों के बीमार होने की बात कही गई, जिनमें टाइफाइड और चर्म रोग के लक्षण बताए गए थे।
विधायक सोहन वाल्मीकि ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों और संबंधित विभागों से स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम को बच्चों का परीक्षण करने और जरूरत के अनुसार उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। शुरुआती जानकारी में पांच बच्चों की स्थिति अधिक गंभीर बताए जाने पर उनके सैंपल जांच के लिए जबलपुर भेजे जाने की बात भी सामने आई थी।
PHE का दावा- तीन दिन पहले खराब हुई थी मोटर, उसी दिन लगाई नई मोटर
वहीं, PHE विभाग ने अपने प्रेस नोट में बोरवेल की मोटर खराब होने की अवधि को लेकर अलग जानकारी दी है। विभाग के अनुसार, कन्हैया ढाना के बोरवेल में लगी सिंगल फेज मोटर तीन दिन पहले खराब हुई थी। इसे उसी दिन निकालकर 3-फेज मोटर स्थापित कर दी गई थी। विभाग का कहना है कि क्षेत्र में पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिलने के कारण नई मोटर शुरू नहीं हो सकी। इस संबंध में बिजली विभाग से समन्वय किया गया है और अगले दिन तक विद्युत समस्या दुरुस्त कर जलापूर्ति सुचारू करने की बात कही गई है।
गांव में हैंडपंप चालू, निजी बोरवेल भी होने का दावा
PHE विभाग ने पेयजल संकट की स्थिति पर भी अपना पक्ष रखा है। विभाग के मुताबिक कन्हैया ढाना में एक अन्य हैंडपंप पूरी तरह चालू है, जिससे ग्रामीणों को लगातार पानी मिल रहा है। इसके अलावा गांव में करीब 30 से 35 घर हैं और अधिकांश ग्रामीणों के पास निजी बोरवेल भी हैं। विभाग ने इन व्यवस्थाओं का हवाला देते हुए सार्वजनिक जलापूर्ति प्रभावित होने के बावजूद गांव में पूरी तरह पेयजल संकट होने के दावे को गलत बताया है।
17 बच्चों के बीमार होने के दावे को PHE ने नकारा
बच्चों की बीमारी को लेकर PHE विभाग ने कहा है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम और स्वास्थ्य अमले के निरीक्षण में बच्चों में किसी गंभीर या जलजनित बीमारी के लक्षण नहीं पाए गए। विभाग ने खुजली की शिकायत को लेकर भी स्पष्ट किया कि केवल भूजल या हैंडपंप का पानी पीने से खुजली होने का दावा चिकित्सीय और तकनीकी दृष्टि से सही नहीं है। विभाग के अनुसार दूषित पानी के सेवन से आमतौर पर उल्टी, दस्त और पेचिश जैसी पेट संबंधी बीमारियां हो सकती हैं, लेकिन गांव में ऐसे मामले सामने नहीं आए हैं। इसी आधार पर विभाग ने दूषित पानी पीने से 17 बच्चों के बीमार होने की खबर को भ्रामक, असत्य और निराधार बताया है।
छिंदवाड़ा में फिर शेर की दहशत, किसान के बछड़े को बनाया निवाला
पानी का सैंपल जांच के लिए भेजा, रिपोर्ट का इंतजार
PHE विभाग ने बताया कि गांव के पानी का सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा गया है। विभाग को अगले दिन तक जांच रिपोर्ट मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट आने के बाद पानी की गुणवत्ता को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल गांव में बोरवेल की नई मोटर स्थापित है लेकिन कम वोल्टेज के कारण जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। ऐसे में बिजली आपूर्ति दुरुस्त होने और पानी की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पेयजल व्यवस्था तथा दूषित पानी से बीमारी के दावों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।























