PU Special :मध्य प्रदेश में दिवाली पर बिजली खपत में 37% का उछाल, सुबह 9 बजे मांग में 44% की बढ़ोतरी

मध्य प्रदेश में धनतेरस से दिवाली तक बिजली की खपत में पिछले साल के मुकाबले 37 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिवाली पर कुल खपत 33.70 करोड़ यूनिट रही।
मध्य प्रदेश में दिवाली पर बिजली खपत में 37% का उछाल, सुबह 9 बजे मांग में 44% की बढ़ोतरी
मध्य प्रदेश में दिवाली पर बिजली खपत में 37% का उछाल

संतोष चौधरी, भोपाल। मध्य प्रदेश में धनतेरस से लेकर दिवाली तक त्योहार की रौनक और बाजारों की रोशनी के बीच बिजली की खपत में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई। पश्चिम क्षेत्र लोड डिस्पेच सेंटर की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल दिवाली पर प्रदेश में बिजली की कुल खपत पिछले साल के मुकाबले करीब 37 प्रतिशत अधिक रही। 8 नवंबर को दिवाली के दिन कुल 33.70 करोड़ यूनिट बिजली की खपत हुई जबकि पिछले साल इसी दिन यह आंकड़ा 24.60 करोड़ यूनिट था। बिजली की मांग में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी सुबह के पीक आवर में दर्ज की गई। दिवाली के दिन सुबह 9 बजे बिजली की अधिकतम मांग 17,918 मेगावाट रही, जबकि पिछले साल इसी समय यह 12,457 मेगावाट थी। यानी सुबह की मांग में करीब 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं शाम 7 बजे बिजली की मांग पिछले साल के मुकाबले करीब 18 प्रतिशत अधिक रही।

धनतेरस से दिवाली तक लगातार अधिक रही बिजली की खपत

लोड डिस्पेच सेंटर के आंकड़ों के अनुसार, धनतेरस से दिवाली तक तीनों प्रमुख दिनों में बिजली की खपत पिछले साल के मुकाबले अधिक रही। 

त्योहार

वर्ष 2026 की खपत

वर्ष 2025 की खपत

धनतेरस (6 नवंबर)

35.20 करोड़ यूनिट

26 करोड़ यूनिट

चतुर्दशी (7 नवंबर)

35 करोड़ यूनिट

26.40 करोड़ यूनिट

दिवाली (8 नवंबर)

33.70 करोड़ यूनिट

24.60 करोड़ यूनिट

धनतेरस के दिन बिजली की कुल खपत 35.20 करोड़ यूनिट रही जबकि पिछले साल यह 26 करोड़ यूनिट थी। चतुर्दशी पर इस साल 35 करोड़ यूनिट बिजली खर्च हुई जबकि पिछले साल 26.40 करोड़ यूनिट खपत दर्ज की गई थी। दिवाली के दिन खपत घटकर 33.70 करोड़ यूनिट रही लेकिन यह भी पिछले साल के मुकाबले काफी अधिक थी।

सुबह 9 बजे बिजली की मांग में सबसे ज्यादा उछाल

तीनों त्योहारों के दौरान सुबह 9 बजे और शाम 7 बजे की बिजली मांग के आंकड़ों में भी बड़ा अंतर सामने आया।

त्योहार

सुबह 9 बजे मांग (MW) 2026

2025

शाम 7 बजे मांग (MW) 2026

2025

धनतेरस

18,260

12,685

13,082

10,429

चतुर्दशी

18,280

12,472

12,270

10,227

दिवाली

17,918

12,457

10,770

9,086

आंकड़ों के मुताबिक चतुर्दशी की सुबह 9 बजे बिजली की मांग 18,280 मेगावाट के साथ सबसे अधिक रही। धनतेरस पर इसी समय मांग 18,260 मेगावाट दर्ज की गई। दिवाली के दिन सुबह की मांग 17,918 मेगावाट रही। शाम के समय भी तीनों दिनों में बिजली की मांग पिछले साल के मुकाबले अधिक दर्ज की गई।

रबी सीजन की सिंचाई और कम बारिश से बढ़ा बिजली का लोड

बिजली की मांग में बढ़ोतरी के पीछे दो प्रमुख कारण सामने आए हैं। पहला, इस साल रबी फसलों की सिंचाई का सीजन दिवाली से करीब 20 दिन पहले ही शुरू हो गया था। इससे कृषि फीडरों पर बिजली का लोड बढ़ गया। किसान ट्यूबवेल और पंपों के जरिए खेतों में सिंचाई कर रहे हैं। दूसरा कारण प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होना बताया जा रहा है। कम बारिश के कारण खेतों में नमी की कमी रही जिसकी भरपाई के लिए किसानों को ट्यूबवेल और पंपों का इस्तेमाल पहले ही बढ़ाना पड़ा। इससे कृषि क्षेत्र में बिजली की मांग में इजाफा हुआ।

PU Special : कनेक्शन से 20 दिन पहले की टैम्परिंग पर थमा दिया 2.07 लाख का बिजली बिल, विद्युत लोकपाल ने रिकवरी की निरस्त

धनतेरस के मुकाबले दिवाली पर कम रही मांग

आंकड़ों के अनुसार दिवाली पर बिजली की मांग पिछले साल से अधिक जरूर रही, लेकिन इस साल के धनतेरस के मुकाबले कुछ कम दर्ज की गई। बिजली मामलों के जानकार राजेंद्र अग्रवाल के मुताबिक धनतेरस पर व्यावसायिक और औद्योगिक गतिविधियां चरम पर रहती हैं। बाजारों के साथ कारखानों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में भी कामकाज जारी रहता है। इसके विपरीत दिवाली के दिन कारखाने, उद्योग और कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहते हैं। इससे औद्योगिक बिजली मांग में कमी आती है। यही वजह है कि दिवाली के दिन कुल बिजली खपत धनतेरस की तुलना में कुछ कम रही।

Dr. Sumit  Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts