भैरूंदा पुलिस का बड़ा एक्शन:कार से 54 लीटर अवैध शराब जब्त, 8.30 लाख का मशरूका सहित आरोपी गिरफ्तार

सीहोर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भैरूंदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आई-20 कार से 54 लीटर अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है। कुल 8 लाख 30 हजार 500 रुपये मूल्य का मशरूका जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से शराब के स्रोत और उससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) भैरूंदा रोशन जैन ने बताया कि 30 जुलाई को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की आई-20 कार (क्रमांक MP 04 CX 5218) में अवैध शराब भरकर रेहटी-भैरूंदा मार्ग से सीहोर की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल झुलेलाल ढाबे के पास सीहोर रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन का इंतजार शुरू कर दिया।
पुलिस को देखकर भागने की कोशिश
कुछ ही देर बाद बताए गए नंबर की कार मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन तेज गति से भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को सुरक्षित रोक लिया। इसके बाद चालक से पूछताछ कर वाहन की तलाशी ली गई।
कार की डिग्गी से मिली शराब की खेप
तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से पांच पेटी देशी शराब (45 लीटर) और एक पेटी देशी मसाला (लाल) शराब (9 लीटर) बरामद हुई। इस प्रकार कुल 54 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी शराब के परिवहन अथवा स्वामित्व से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
ये भी पढ़ें: सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भर खेती का नया मंत्र : डॉ. राजकुमार मालवीय ने किसानों को बताया कम लागत में ज्यादा मुनाफे का मॉडल
8.30 लाख रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस ने बरामद 54 लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 30,500 रुपये है, के साथ परिवहन में प्रयुक्त आई-20 कार, जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है, को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई में कुल 8 लाख 30 हजार 500 रुपये मूल्य का मशरूका पुलिस के कब्जे में लिया गया।
एक आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संतोष साहू (36), पिता गुलाब सिंह साहू, निवासी छिदंगांव मोजी, थाना भैरूंदा, जिला सीहोर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस उद्देश्य से तथा किसे सप्लाई किया जाना था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सीहोर सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) भैरूंदा रोशन जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भैरूंदा घनश्याम दांगी के नेतृत्व में की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों के भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Edited By: Sumit Shrivastava












