बेगमगंज:SDM ने नगर पालिका परिषद कार्यालय एवं वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का किया निरीक्षण, साफ-सफाई व रिकॉर्ड व्यवस्था सुधारने के निर्देश

बेगमगंज एसडीएम प्रियंका भलावी ने नगर पालिका कार्यालय और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। साफ-सफाई, रिकॉर्ड प्रबंधन, विकास कार्यों की प्रगति और जनकल्याणकारी योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
एसडीएम प्रियंका भलावी ने नगर पालिका कार्यालय और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रियंका भलावी ने गुरुवार को नगर पालिका परिषद बेगमगंज कार्यालय एवं वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वच्छता, कार्यालयीन अभिलेखों के संधारण, विकास कार्यों की प्रगति और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में गंदगी पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट परिसर का निरीक्षण किया। परिसर में पर्याप्त साफ-सफाई नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल व्यवस्था से जुड़े परिसरों में साफ-सफाई और रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ये भी पढ़ें: घंसौर : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में युवक की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम

कार्यालयीन रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश

नगर पालिका कार्यालय के निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विभिन्न शाखाओं में रखी फाइलों और अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यालयीन फाइलें, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अभिलेख सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखे जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर रिकॉर्ड तुरंत उपलब्ध हो सके और कार्यालयीन कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा

एसडीएम प्रियंका भलावी ने नगर पालिका क्षेत्र में संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। साथ ही कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्माण से संबंधित फाइलों, प्रगति प्रतिवेदनों एवं अन्य अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए।

जनकल्याणकारी योजनाओं का समय पर मिले लाभ

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों और प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ बिना किसी अनावश्यक विलंब के उपलब्ध कराया जाए।

ये भी पढ़ें: सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भर खेती का नया मंत्र : डॉ. राजकुमार मालवीय ने किसानों को बताया कम लागत में ज्यादा मुनाफे का मॉडल

नियमित निगरानी और बेहतर प्रबंधन पर जोर

SDM प्रियंका भलावी ने कहा कि नगर पालिका को नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता, विकास कार्यों और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित निगरानी, बेहतर कार्यालयीन प्रबंधन और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने अधिकारियों से पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपेक्षा भी जताई।

Edited By: Sumit Shrivastava

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts