Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

TMC में बड़ा सियासी भूचाल!19 बागी सांसदों की लिस्ट में शत्रुघ्न सिन्हा-यूसुफ पठान का नाम

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के भीतर बगावत की खबरें तेज हो गई हैं। शत्रुघ्न सिन्हा और यूसुफ पठान समेत 19 सांसदों के अलग होने का दावा किया जा रहा है। वहीं, बागी गुट ने अपने साथ 64 विधायकों का समर्थन होने का दावा किया है। सुष्मिता देव और सुखेंदु शेखर राय के इस्तीफों के बाद TMC पर राजनीतिक दबाव बढ़ गया है।
19 बागी सांसदों की लिस्ट में शत्रुघ्न सिन्हा-यूसुफ पठान का नाम

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। विधायकों के बाद अब पार्टी के कई सांसदों के भी बागी होने का दावा किया जा रहा है। सामने आई एक सूची में 19 सांसदों के नाम शामिल हैं, जिनके बारे में कहा जा रहा है कि उन्होंने लोकसभा स्पीकर को हस्ताक्षरित पत्र सौंपा है। हालांकि, इस दावे को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

शत्रुघ्न सिन्हा और यूसुफ पठान का नाम भी शामिल

बागी बताए जा रहे सांसदों की सूची में अभिनेता-राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा और पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान का नाम भी शामिल है। सूची सामने आने के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। यदि यह दावा सही साबित होता है तो इसे TMC के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जाएगा।

इन 19 सांसदों के नाम आए सामने

सामने आई सूची में काकोली घोष, जगदीश चंद्र बसुनिया, खलीलुर रहमान, यूसुफ पठान, अबू ताहिर खान, पार्थ भौमिक, बापी हलदार, सायानी घोष, माला रॉय, मिताली बाग, दीपक अधिकारी, कालीपद सोरेन, जून मालिया, अरूप चक्रवर्ती, डॉ. शर्मिला सरकार, शत्रुघ्न सिन्हा, असित कुमार माल, शताब्दी रॉय और रचना बनर्जी के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें: सुष्मिता देव ने राज्यसभा से दिया इस्तीफा, TMC भी छोड़ी : ममता बनर्जी को बड़ा झटका, बीजेपी में शामिल होने की अटकलें तेज

पार्टी के अस्तित्व की लड़ाई तक पहुंचा विवाद

पश्चिम बंगाल विधानसभा में शुरू हुई अंदरूनी कलह अब पार्टी के अस्तित्व और नेतृत्व की लड़ाई में बदलती नजर आ रही है। एक ओर ममता बनर्जी का गुट राजनीतिक समर्थन जुटाने में लगा है, वहीं दूसरी ओर बागी गुट संगठन, विधायकों और सांसदों के समर्थन के आधार पर खुद को असली तृणमूल कांग्रेस बताने की कोशिश कर रहा है।

सुष्मिता देव ने भी छोड़ी पार्टी

इसी बीच TMC की राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने भी पार्टी और राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। राज्यसभा सचिवालय ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

सुष्मिता देव ने अपने फैसले को व्यक्तिगत और राजनीतिक कारणों से जुड़ा बताया है। सूत्रों के मुताबिक, उनके बीजेपी में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

ये भी पढ़ें: टीएमसी में अंदरूनी कलह: ममता बनर्जी को एक और झटका, बागियों की लिस्ट में सयानी घोष का भी नाम शामिल!

पहले सुखेंदु शेखर राय ने दिया था इस्तीफा

सुष्मिता देव से पहले TMC के वरिष्ठ राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर राय भी पार्टी और संसद की सदस्यता छोड़ चुके हैं। उनके इस्तीफे के बाद पार्टी में असंतोष की चर्चा और तेज हो गई थी।

बागी नेता का दावा- हमारे साथ 64 विधायक

बागी खेमे के नेता और पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने दावा किया है कि उनके गुट के साथ अब 64 विधायक हैं। उन्होंने कहा कि उनकी संख्या आगे और बढ़ सकती है। ऋतब्रत बनर्जी का कहना है कि उनका गुट ही असली तृणमूल कांग्रेस है और कांग्रेस में विलय का कोई इरादा नहीं है।

TMC के सामने सबसे बड़ा राजनीतिक संकट

लगातार इस्तीफों और बगावत के दावों के बीच 28 साल पुरानी तृणमूल कांग्रेस अपने सबसे बड़े राजनीतिक संकट का सामना करती दिखाई दे रही है। अब सभी की नजरें ममता बनर्जी और पार्टी नेतृत्व की अगली रणनीति पर टिकी हैं।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts