सनी देओल की 'बंटवारा 1947' 14 अगस्त को होगी रिलीज, बंटवारे के दर्दनाक दौर की झलक दिखाती है फिल्म

शबाना आज़मी, सनी देओल और प्रीति जिंटा की शानदार अदाकारी से सजी इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म की कहानी राजकुमार संतोषी ने करीब 16 साल पहले सनी देओल को सुनाई थी, लेकिन उस समय इसे कोई निर्माता नहीं मिला। अब आमिर खान प्रोडक्शंस के साथ यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है।
16 साल पहले सनी देओल को सुनाई थी कहानी
फिल्म के ट्रेलर ने दर्शकों के बीच खास उत्साह पैदा किया है, लेकिन इस फिल्म से जुड़ा एक दिलचस्प तथ्य भी सामने आया है। राजकुमार संतोषी ने वर्ष 2009-10 में सबसे पहले 'बंटवारा 1947' की कहानी सनी देओल को सुनाई थी। उस समय दोनों इस फिल्म को बनाने के लिए तैयार थे, लेकिन प्रोड्यूसर नहीं मिलने के कारण यह प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ पाया।
रील के लिए कट्टा, सड़क पर स्टंट! रीवा में युवक के VIDEO से मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
प्रोड्यूसर नहीं मिलने से वर्षों तक रुकी रही फिल्म
उस दौर में किसी भी निर्माता ने इस फिल्म को बनाने की जिम्मेदारी नहीं ली। इसकी बड़ी वजह यह थी कि 'बंटवारा 1947' पारंपरिक एक्शन एंटरटेनर फिल्म नहीं थी, बल्कि एक भावनात्मक और ऐतिहासिक कहानी पर आधारित थी। कई वर्षों तक राजकुमार संतोषी इस कहानी को सही मंच मिलने का इंतजार करते रहे। आखिरकार यह इंतजार अब खत्म हो गया है।
आमिर खान बतौर प्रोड्यूसर फिल्म से जुड़े
कई साल बाद आमिर खान ने इस कहानी की ताकत को समझा और आमिर खान प्रोडक्शंस के जरिए बतौर प्रोड्यूसर इस फिल्म से जुड़े। उनके साथ आने के बाद राजकुमार संतोषी का वर्षों पुराना सपना साकार हो सका। इसी फिल्म के जरिए करीब 30 साल बाद राजकुमार संतोषी और सनी देओल की जोड़ी भी एक बार फिर साथ आई है।
बंटवारा 1947 पर आधारित है मूवी
'बंटवारा 1947' एक बेहद भावुक और दमदार कहानी है, जो देश के बंटवारे का परिवारों पर पड़े असर को दिखाती है। फिल्म यह संदेश भी देती है कि इंसानियत ही सबसे बड़ा धर्म है। ट्रेलर में भावनाओं, रिश्तों और इतिहास के दर्द को प्रभावशाली तरीके से पेश किया गया है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
14 अगस्त को थियेटर में होगी रिलीज़
फिल्म में शबाना आज़मी, सनी देओल, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म को आमिर खान और अपरणा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने दिया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। 'बंटवारा 1947' 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी और दर्शक इस दमदार कहानी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।












