Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

आगरा में बाथरूम मर्डर केस : पति को मारकर फर्श के नीचे दफनाया शव, 45 दिन बाद खुला राज

आगरा में 45 दिन से लापता एक व्यक्ति का शव उसके घर के बाथरूम में दफन मिला। जांच में पत्नी पर संदेह होने के बाद फर्श को खोदा गया तो व्यक्ति का शव नजर आया।
Follow on Google News
पति को मारकर फर्श के नीचे दफनाया शव, 45 दिन बाद खुला राज
फाइल फोटो

नेशनल डेस्क। उत्तर प्रदेश के आगरा से एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है जिसने पुलिस के साथ-साथ सबको स्तब्ध कर दिया। करीब डेढ़ महीने तक एक व्यक्ति की गुमशुदगी की कहानी चलती रही, लेकिन जब पुलिस ने घर के बाथरूम की फर्श तुड़वाई तो उसके नीचे से लापता व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पुलिस ने उनकी पत्नी रूबी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हत्या और शव छिपाने की इस पूरी साजिश में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।

/img/89/1783098153902

 मृतक सुरेंद्र शर्मा

रूबी कहती रही, बाहर गए हैं लौट आएंगे 

सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी निवासी सुरेंद्र कुमार शर्मा 18 मई से लापता बताए जा रहे थे। उनके परिजन और रिश्तेदार लगातार उनकी तलाश में जुटे रहे, जबकि पत्नी रूबी सभी से यही कहती रही कि सुरेंद्र किसी काम से बाहर गए हैं और जल्द लौट आएंगे। कई दिन बीतने के बाद 26 मई को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई। परिवार लगातार पुलिस से संपर्क में रहा, लेकिन सुरेंद्र का कोई सुराग नहीं मिल सका। इस बीच किसी को अंदाजा भी नहीं था कि जिस घर में उनकी तलाश की जा रही है, उसी घर के बाथरूम में उनका शव दफन है।

ये भी पढ़ें: राजा रघुवंशी मर्डर केस: सोनम को सुप्रीम कोर्ट से राहत, जमानत पर रोक नहीं

पुलिस को नए फर्श ने दिलाया बड़ा सुराग

पुलिस के अनुसार, एक पुराने मामले के सत्यापन के सिलसिले में टीम दोबारा सुरेंद्र के घर पहुंची। इस दौरान पत्नी के व्यवहार ने पुलिस को संदेह में डाल दिया। वहीं, मृतक के भाई अनिल शर्मा ने भी कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां पुलिस को दीं। घर की बारीकी से तलाशी लेने के दौरान पुलिस की नजर बाथरूम के नए प्लास्टर और हाल ही में लगाई गई टाइल्स पर पड़ी। शक गहराने पर जब फर्श की खुदाई कराई गई तो नीचे से सुरेंद्र कुमार शर्मा का शव बरामद हो गया। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

शव दफनाकर ऊपर लगवाई थीं नई टाइल्स 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद शव को बाथरूम के गड्ढे में दफनाया गया। इसके बाद ऊपर मिट्टी भरकर प्लास्टर किया गया और नई टाइल्स लगवा दी गईं, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरी योजना को अंजाम देने में पत्नी अकेली थी या किसी अन्य व्यक्ति ने भी उसकी मदद की। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनकी जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: छतरपुर: शादी के 2 महीने बाद दुल्हन ने की आत्महत्या, पति ने कहा-जीजा से थे अवैध संबंध

पूछताछ में पत्नी ने गुनाह कबूला 

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी पत्नी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने कथित तौर पर बताया कि घटना से पहले ही बाथरूम का काम कराने के लिए मिस्त्री और मजदूर बुलाने की तैयारी कर ली गई थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या की असली वजह और पूरी साजिश का खुलासा केवल वैज्ञानिक साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही किया जाएगा। पुलिस इस मामले में हर पहलू को जोड़कर जांच कर रही है।

पारिवारिक विवाद या सोची-समझी साजिश? 

मृतक के भाई अनिल शर्मा के अनुसार, सुरेंद्र शराब पीने के आदी थे और इसी वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। उन्होंने बताया कि सुरेंद्र के लापता होने के बाद भी रूबी सामान्य व्यवहार करती रही और उसी ने परिवार को फोन कर घर बुलाया था। फिलहाल पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा चुकी है और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

 

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts